Trending

गूगल पर सबसे अधिक विराट कोहली किए गए सर्च, जानें अन्य प्लेयर्स का हाल

क्रिकेट जगत में विराट कोहली को किसी परिचय की जरुरत नहीं है। सर्च इंजन ‘गूगल’ ने अपने पूरे 25 साल के इतिहास में सबसे अधिक सर्च किए जाने वाले विषयों की सूची जारी की। इनमें क्रिकेटरों में कोहली का नाम सबसे ऊपर है।

यानी जब से गूगल अस्तित्व में आया है, दुनिया में कई बेहतरीन क्रिकेटरों ने जलवे बिखेरे हैं। इस लिस्ट में सचिन तेंदुलकर, शेन वॉर्न, मुथैया मुरलीधरन, रिकी पोंटिंग, एमएस धोनी, रोहित शर्मा समेत कई खिलाड़ी हैं। हालांकि, इनके इतर कोहली गूगल के इतिहास में ‘सबसे अधिक सर्च किए जाने वाले क्रिकेटर’ के रूप में सामने आए हैं।

साभार : गूगल

जब सूची में सबसे अधिक खोजे जाने वाले एथलीट की बात आती है, तो इसमें कोहली शीर्ष पर नहीं हैं। रियल मैड्रिड और मैनचेस्टर यूनाइटेड के पूर्व दिग्गज और पुर्तगाल फुटबॉल टीम के मौजूदा कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो इस लिस्ट में शीर्ष पर हैं।
38 साल की उम्र में भी यह फुटबॉलर सऊदी अरब के क्लब अल-नस्र के लिए शानदार प्रदर्शन कर रहा है।

रोनाल्डो ने इस लिस्ट में शीर्ष पर आने के लिए कुछ महान एथलीट्स को पीछे छोड़ा। इनमें लियोनल मेसी, रोजर फेडरर, राफेल नडाल और जोकोविच जैसे नाम हैं। रोनाल्डो और मेसी अपनी पीढ़ी के सबसे बेहतरीन एथलीट्स में शुमार हैं और लगभग पिछले 15 वर्षों से अपने खेल पर हावी रहे हैं।

सबसे ज्यादा खोजे जाने वाले खेल की बात आती है, तो ‘फुटबॉल’ इसमें शीर्ष पर है। दिलचस्प बात यह है कि कोहली भी मेसी की तुलना में रोनाल्डो के बड़े फैन हैं। पूर्व भारतीय कप्तान अपने पिछले कई इंटरव्यू में बता चुके हैं कि वह पुर्तगाली फुटबॉलर के फिटनेस के कायल हैं।

जब पुर्तगाल टीम फीफा विश्व कप 2022 में हारकर बाहर हो गई थी तो रोनाल्डो खूब रोए थे। तब कोहली ने इंस्टाग्राम पर उनके लिए लिखा था, ‘आपने इस खेल में और दुनिया भर के खेल फैन्स के लिए जो कुछ भी किया है, उससे कोई भी ट्रॉफी या कोई भी खिताब नहीं छीन सकता या बयां नहीं कर सकता।

कोहली ने लिखा था, ‘कोई भी टाइटल लोगों पर पड़ने वाले आपके प्रभाव को बयां नहीं कर सकता या ये नहीं बता सकता कि जब हम आपको खेलते हुए देखते हैं तो मैं और दुनिया भर के कई लोग क्या महसूस करते हैं। यह भगवान की ओर से आपको मिला एक उपहार है।

एक ऐसे व्यक्ति के लिए एक ऐसा वरदान जो हर मैच में अपना दिल लगाकर खेलता है और कड़ी मेहनत और समर्पण का प्रतीक है और किसी भी खिलाड़ी के लिए एक सच्ची प्रेरणा है। पोस्ट में विराट ने लिखा था, ‘आप मेरे लिए ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम हैं (सर्वकालिक महान फुटबॉलर)।