चेन्नइयन एफसी के खिलाफ जीत पर बेंगलुरू एफसी की निगाह
बेंगलुरू एफसी बुधवार को चेन्नइयन एफसी की मांद जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में कदम रखेगी, तो ब्लूज की नजर इंडियन सुपर लीग 2023-24 में अपने अभियान को फिर से पटरी पर लाने पर होगी।
शुक्रवार को श्री कांतीरावा स्टेडियम में मुम्बई सिटी के हाथों 0-4 की करारी हार के बाद ब्लूज ने अपने हेड कोच साइमन ग्रेसन से नाता तोड़ लिया। बेंगलुरू एफसी ने काफी सारे बदलाव देखे थे जिनमें संदेश झिंगन और उदांता सिंह जैसे कई सितारों की विदाई हुई थी और भविष्य निर्माण के इरादे से नए प्लेयर्स का स्वागत हुआ।

अंग्रेज कोच के अलग होने के बाद यह देखना बाकी है कि इस टाइम बेंगलुरू एफसी में मौजूदा प्लेयर्स की प्रोफाइल नए रणनीतिकार की मांगों के अनुरूप होगी या नहीं।
यह चेन्नइयन एफसी के पास गर्म लोहे पर हथौड़ा मारने का आदर्श मौका है। उन्होंने अपने पिछले तीन मैच क्रमशः ईस्ट बंगाल एफसी, केरला ब्लास्टर्स एफसी और जमशेदपुर एफसी के खिलाफ ड्रा खेले हैं, उनके पास बेंगलुरू एफसी के खिलाफ तीन अंक हासिल करने और अपने दक्षिण भारतीय प्रतिद्वंद्वियों पर मनोबल बढ़ाने वाली जीत दर्ज का मौका है।
हेड कोच ओवेन कॉयल और उनके मरीना मचान्स लंबे समय से जीत की उम्मीद कर रहे हैं, ब्लूज पर काबू पाने के लिए उन्हें एक अच्छी व सकारात्मक लय चाहिए।
चेन्नइयन एफसी के मुख्य कोच ओवेन कॉयल ने खेल से पहले कहा, “हमने कुछ मैच बहुत अच्छे खेले हैं। हमें उन आखिरी तीन मैचों में पूरे अंक जुटाने चाहिए थे। हम जो करने का प्रयास कर रहे हैं वो वास्तव में अच्छा है। हमारे प्रदर्शन का स्तर बहुत ऊंचा था, इसलिए हमें बस थोड़ा सा सुधार करने की जरूरत है।
बेंगलुरू एफसी के अंतरिम हेड कोच रेनेडी सिंह ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोला, “मुझे उम्मीद है कि लड़के तैयार होंगे। मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि बड़ी हार के बाद समर्थकों को देखिए जिन्होंने किस तरह अंत तक साथ दिया।
आपको ऐसे समर्थक दुनिया में कहां मिलेंगे? इस पर लड़कों को गर्व होना चाहिए और उन्हें अपने लिए, क्लब के लिए और प्रशंसकों के लिए लड़ना चाहिए।