पीकेएल 10 : बंगाल वॉरियर्स की 60-42 से जीत, पटना पाइरेट्स की पहली हार
बंगाल वॉरियर्स ने अपने तूफानी प्रदर्शन से यहां बेंगलुरु के श्री कांतिरावा स्टेडियम में पटना पाइरेट्स को 60-42 के बड़े अंतर से हराया। पटना की प्रो कबड्डी लीग सीजन-10 में यह पहली हार है। बंगाल वॉरियर्स और पटना पाइरेट्स के बीच इस मैच में कुल 102 पॉइंट हासिल हुए, जो कि पीकेएल के इतिहास में चौथा सबसे बड़ा मैच पॉइंट बन गया।
मनिंदर सिंह के 15 पॉइंट, नितिन कुमार के 14 और श्रीकांत जाधव के 12 पॉइंट से बंगाल वॉरियर्स ने अपना अजेय क्रम जारी रखा, पटना का विजय रथ रोक दिया। इस सीजन की दो अजेय टीमों के बीच का मैच काफी कड़ा रहा।

बंगाल वॉरियर्स के मनिंदर सिंह शाम की पहली रेड में ही टैकल कर लिए गए। पाइरेट्स ने अपने डिफेंस के सहारे यह सुनिश्चित किया कि वे पॉइंट न गंवाएं, दूसरे छोर पर सचिन पॉइंट लेते रहे और उन्होंने स्कोरकार्ड को चलाना जारी रखा।
नितिन कुमार ने शानदार 5 पॉइंट (एक ही रेड में) के साथ सुपर रेड करके पहले हाफ के अंतिम 10 मिनट में मैच का रुख बदल दिया। वॉरियर्स ने तीन अंकों से एक पॉइंट की बढ़त बना ली।
तीन मिनट के अंदर ही एक बड़ा उलटफेर हुआ, जब बंगाल वॉरियर्स ने मैच में पहली बार पटना को ऑल आउट कर दिया और 16-11 की बढ़त हासिल कर ली।
दूसरे हाफ की शुरुआत में पटना पाइरेट्स 11 पॉइंट से पीछे थी। थोड़ी वापसी के बावजूद जल्द ही उसे दूसरी बार ऑल आउट का सामना करना पड़ा। बंगाल वॉरियर्स ने फिर 34-22 की शानदार बढ़त बना ली। इसी बीच, मनिंदर और जाधव ने अपना सुपर 10 पूरा कर लिया।
वॉरियर्स ने फिर मैच के अंतिम मिनटों में तीसरी बार पटना की टीम को ऑल आउट कर दिया और 18 पॉइंट की बड़ी जीत के साथ पाइरेट्स का विजय रथ रोक दिया।