Trending

सात्विक-चिराग को खेल रत्न की सिफारिश, बीसीसीआई ने अर्जुन अवॉर्ड के लिए शमी का नाम भेजा

बीसीसीआई ने इस वर्ष के अर्जुन पुरस्कार के लिए वनडे वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के नाम की सिफारिश की है। इस तेज गेंदबाज ने हाल में खत्म हुए वनडे वर्ल्ड कप में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। भारत इस टूर्नामेंट के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गया था।

दूसरी ओर सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल बैडमिंटन जोड़ी के नाम की मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए सिफारिश की गई है।

खेल मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार बीसीसीआई ने शमी का नाम सूची में शामिल करने के लिए विशेष आग्रह किया। इससे पहले उनका नाम देश के दूसरे सर्वोच्च खेल पुरस्कार के लिए नामित किए गए प्लेयर्स की सूची में नहीं था।

शमी ने वनडे वर्ल्ड कप में सर्वाधिक विकेट लिए। उन्होंने सिर्फ सात मैच में 24 विकेट झटके थे। पहले चार मैच में बाहर रहने के बाद शमी को जब अवसर मिला तो उन्होंने उसका पूरा फायदा उठाया। वह अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैच की सीरीज में खेल सकते हैं।

खेल मंत्रालय ने इस वर्ष के मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार और अर्जुन पुरस्कार का फैसला करने के लिए 12 सदस्यीय समिति गठित की है। उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश एएम खानविलकर इस समिति के प्रमुख होंगे।

उनके अलावा हॉकी खिलाड़ी धनराज पिल्लै, पूर्व टेबल टेनिस खिलाड़ी कमलेश मेहता, पूर्व मुक्केबाज अखिल कुमार, महिला निशानेबाज और वर्तमान राष्ट्रीय कोच शुमा शिरूर, पूर्व क्रिकेटर अंजुम चोपड़ा, बैडमिंटन खिलाड़ी तृप्ति मुर्गुंडे और पावरलिफ्टर फरमान पाशा भी समिति में हैं।

विभिन्न पुरस्कारों के लिए सिफारिश

मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार: सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी (बैडमिंटन)।

अर्जुन पुरस्कार : क्रिकेटर मो. शमी, पुरुष हॉकी खिलाड़ी कृष्ण बहादुर पाठक और सुशीला चानू, तीरंदाज ओजस प्रवीण देवताले और अदिति गोपीचंद स्वामी, मुक्केबाज मोहम्मद हुसामुद्दीन, शतरंज खिलाड़ी आर वैशाली, गोल्फर दीक्षा डागर, निशानेबाज ऐश्वर्या प्रताप सिंह तोमर, पहलवान अंतिम पंघाल और पैडलर अयहिका मुखर्जी।

द्रोणाचार्य पुरस्कार : गणेश प्रभाकरन (मल्लखंभ), महावीर सैनी (पैरा एथलेटिक्स), ललित कुमार (कुश्ती), आरबी रमेश (शतरंज) और शिवेंद्र सिंह (हॉकी)।

ध्यानचंद लाइफटाइम पुरस्कार : कविता (कबड्डी), मंजूषा कंवर (बैडमिंटन) और विनीत कुमार शर्मा (हॉकी)।