Trending

जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप : भारत की हार, जर्मनी फाइनल में

भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने यहां एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप मलेशिया 2023 के सेमीफाइनल में जर्मनी के खिलाफ कड़े मैच में 1-4 से हार गई। उत्तम सिंह की अगुवाई वाली भारतीय टीम दिन में फ्रांस और स्पेन के बीच खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल में हारने वाली टीम से भिड़ेगी।

पहले क्वार्टर में भारत को पहले चार मिनट के भीतर दो पेनल्टी कॉर्नर मिले थे, टीम इसका फायदा नहीं उठा पाई। मैच के आठवें मिनट में बेन हस्बैक (8′) ने गोल कर जर्मनी को 1-0 की बढ़त दिलाई। तीन मिनट बाद ही सुदीप चिरमाको ने शानदार फील्ड गोल कर भारत को 1-1 की बराबरी दिलाई। पहला क्वार्टर 1-1 के स्कोर के साथ समाप्त हुआ।

@hockeyindia

दूसरे क्वार्टर में भी भारत को पेनल्टी कॉर्नर के रूप में कई मौके मिले, भारत किसी को भी गोल में बदलने में असमर्थ रही। दूसरे क्वार्टर के आखिरी मिनट में जर्मनी को मैच का पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला और उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाया और बेन हस्बैक (30′) ने अपना दूसरा गोल किया। मध्यांतर तक जर्मनी 2-1 से आगे रही।

भारत ने तीसरे क्वार्टर की शुरुआत फ्रंटफुट पर की और उन्हें अपने आक्रामक रवैये का इनाम मिला, उन्होंने तीसरे क्वार्टर में छह मिनट शेष रहते अपना ग्यारहवां पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, टीम इस मौके को भी नहीं भुना पाई। पॉल ग्लैंडर (41′) ने दूसरे पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर तीसरे क्वार्टर के अंत में जर्मनी को 3-1 से आगे कर दिया।

चौथे क्वार्टर में भारतीयों ने जर्मनों पर दबाव बनाया वे उनकी रक्षापंक्ति को भेदने में असमर्थ रहे। खेल में दस मिनट से भी कम समय शेष रहने पर भारत को दो बैक-टू-बैक पेनल्टी कॉर्नर के रूप में उम्मीद मिली, जर्मन रक्षकों के अथक प्रयास की वजह से कोई भी गोल नहीं हो सका। फ्लोरियन स्पिर्लिंग (58′) ने जर्मनी के लिए चौथा गोल तब किया जब समय समाप्त होने में कुछ ही मिनट बाकी थे और भारत को 4-1 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

भारत अब 16 दिसंबर को दूसरे सेमीफाइनल में हारने वाली टीम से तीसरे स्थान के लिए प्रतिस्पर्धा करेगी। दूसरे सेमीफाइनल में फ्रांस का सामना स्पेन से होगा।