अंडर-19 एशिया कप : भारत पर जीत से बांग्लादेश फाइनल में, यूएई ने भी किया उलटफेर
अरिफुल इस्लाम (94 रन) की आक्रामक बल्लेबाजी और बायें हाथ के तेज गेंदबाज मारूफ मृधा (4 विकेट) की शानदार गेंदबाजी से बांग्लादेश ने एसीसी अंडर-19 एशिया कप के सेमीफाइनल में भारत पर चार विकेट की आसान जीत के साथ फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल में बांग्लादेश के सामने यूएई की चुनौती होगी जिसने एक अन्य सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 11 रन से हराकर उलटफेर किया। भारतीय बल्लेबाज पिच की दोहरी गति से सामंस्य बिठाने में विफल रहे। मुशीर खान (50) और मुरुगन अभिषेक (62) की अर्धशतकीय पारियों के बावजूद टीम 42.4 ओवर में 188 रन पर आउट हो गयी। मारुफ ने चार विकेट लेकर भारत के शीर्ष क्रम को झकझोरा।

लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने भी 10 ओवर के अंदर 34 रन तक तीन विकेट गंवा दिये थे इस्लाम ने 90 गेंद में 94 रन की पारी खेलने के अलावा अहरार अमिन (101 गेंद में 44 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 138 रन की साझेदारी कर टीम की जीत पक्की कर दी। बांग्लादेश ने 42.5 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
पहले बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने के बाद भारत की शुरुआत काफी खराब रही टीम ने सात ओवर के अंदर 13 रन तक तीन और 61 रन तक छह विकेट गंवा दिया। मुशीर और अभिषेक ने सातवें विकेट के लिए 84 रन जोड़कर टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकला, इस साझेदारी के टूटने के बाद पारी ज्यादा आगे नहीं बढ़ सकी।
इससे पहले यूएई की टीम पाकिस्तान के खिलाफ 47.5 ओवर में 193 रन पर आउट हो गयी। उसने पाकिस्तान को 49.3 ओवर में 182 रन पर आउट कर लक्ष्य का शानदार तरीके से बचाव किया।