दीपक चाहर वनडे और मोहम्मद शमी टेस्ट सीरीज में नहीं खेलेंगे
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 17 दिसंबर से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज से भारतीय तेज गेंदबाज दीपक चाहर बाहर हो गए हैं। उन्होंने टीम से अपना नाम वापस ले लिया है। बीसीसीआई ने जानकारी दी है कि दीपक चाहर ने बोर्ड को इस बात की जानकारी दी है कि फैमिली में मेडिकल इमरजेंसी की वजह से वे इस सीरीज में नहीं खेल पाएंगे।
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी चोट की वजह से टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने दीपक चाहर के रिप्लेसमेंट की घोषणा कर दी है। उनकी जगह वनडे टीम में आकाश दीप को जगह मिली है। मोहम्मद शमी की टेस्ट सीरीज में भागीदारी फिटनेस पर निर्भर थी, बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उनको खेलने की मंजूरी नहीं दी है।

यही कारण है कि तेज गेंदबाज को दो टेस्ट मैचों से बाहर कर दिया गया है। मोहम्मद शमी आखिरी बार वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल खेलने उतरे थे। इसके बाद से वे आराम कर रहे हैं। बीसीसीआई ने ये भी जानकारी दी है कि जोहान्सबर्ग में 17 दिसंबर को खेले जाने वाले पहले वनडे के बाद श्रेयस अय्यर दो मैचों की टेस्ट सीरीज की तैयारी करेंगे और वे आखिरी दो वनडे मैचों में सेलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। वे इंटर स्क्वॉड गेम में खेलते हुए नजर आएंगे।
भारतीय हेड कोच राहुल द्रविड़, बैटिंग कोच विक्रम राठौर, बॉलिंग कोच पारस म्हाम्ब्रे और फील्डिंग कोच टी दिलीप सीधे टेस्ट टीम की निगरानी करेंगे और इंटर स्क्वॉड मैच के जरिए टेस्ट सीरीज की तैयारी कराएंगे। केएल राहुल की वनडे टीम को भारत ए के कोचिंग स्टाफ द्वारा असिस्ट किया जाएगा, जिसमें बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक, गेंदबाजी को राजीब दत्ता और फील्डिंग कोच अजय रात्रा हैं।
भारत वनडे टीम : रुतुराज गायकवाड़, साई सुदर्शन, तिलक वर्मा, रजत पाटीदार, रिंकू सिंह, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, मुकेश कुमार, आवेश खान, अर्शदीप सिंह और आकाश दीप