प्रीमियर लीग : मैच के दौरान ल्यूटन टाउन के कप्तान टॉम को पड़ा दिल का दौरा
प्रीमियर लीग का मैच इंग्लैंड के डॉर्सेट में वाइटैलिटी स्टेडियम में ल्यूटन टाउन और बोर्नमाउथ के बीच शनिवार को मैच के दौरान ल्यूटन टाउन के कप्तान टॉम लॉकयर को कार्डियक अरेस्ट आया। जिसके बाद उन्हें तुरंत मैदान से स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाया गया।
लॉकयर की हालत स्थिर है। कुछ समय बाद मैच को रद्द कर दिया गया। मैच के दौरान दूसरे हाफ में बोर्नमाउथ ने गोल कर स्कोर 1-1 की बराबरी पर कर लिया। इस गोल के एक मिनट बाद यानी 59वें मिनट में ल्यूटन के कप्तान गिर गए। जिसके बाद ल्यूटन टाउन के मैनेजर रॉब एडवर्ड्स तुरंत मैदान के अंदर दौड़ पड़े।

दोनों टीमों के मेडिकल स्टाफ भी तुरंत ग्राउंड के अंदर पहुंचकर टॉम लॉकयर को फर्स्ट ऐड देना शुरू कर दिया। कुछ मिनट बाद उन्हें स्ट्रेचर से ग्राउंड के बाहर ले जाया गया। मैच को 65 वें मिनट में रद्द कर दिया। चूंकि दोनों टीम के खिलाड़ी इस मानसिक स्थिति में नहीं थे कि वह आगे खेल जारी रख सके। जब खेल रोका गया, तब स्कोर 1-1 की बराबरी पर था।
ल्यूटन टाउन के प्लेयर्स ने मैदान पर अपने कप्तान के लिए प्रार्थना की। वहीं फैन्स भी अपने चेहते खिलाड़ी के लिए रोते नजर आए। ल्यूटन टाउन ने एक बयान में कहा कि हमारे मेडिकल स्टाफ ने कप्तान लॉकयर की कार्डियक अरेस्ट आने की पुष्टि की है। उन्हें जब स्ट्रेचर से मैदान से बाहर ले जाया गया, तब उनकी हालत ठीक थी।
स्टेडियम के अंदर उनका आगे का इलाज किया गया और उसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हम दोनों टीमों के मेडिकल स्टाफ का शुक्रिया अदा करते हैं। फैन्स को भरोसा दिलाते हैं कि उनकी हालत स्थिर है और परिवार के लोगों की मौजूदगी में उनका इलाज चल रहा है।
बोर्नमाउथ ने लॉकयर के हेल्थ अपडेट आने के बाद बयान जारी कर कहा कि हमें यह सुनकर राहत मिली की टॉम की हालत स्थिर है। हमारी संवदेनाएं ल्यूटन टाउन के कप्तान के साथ है। हम सभी मेडिकल स्टाफ का शुक्रिया अदा करते हैं, जिन्होंने तुरंत आकर उन्हें फस्टेड दिया।
लॉकयर मई में भी कोवेंट्री क्लब के खिलाफ मैच के दौरान गिर गए थे और उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। उनके दिल की सर्जरी हुई थी। वह जून में फिर से मैदान पर लौट आए थे। उन्होंने जून में दिए इंटरव्यू में बोला था कि उन्हें कमजोरी महसूस हो रही थी। उन्हें लग रहा था कि उनके पैर कमजोर हो गए हैं।