Trending

रोहित के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने की थी कोशिश लेकिन…

दिल्ली कैपिटल्स चाहती थी कि आईपीएल 2024 में कोई सीनियर खिलाड़ी उनकी टीम की अगुवाई करे। जैसे ही ये बात सामने आई कि मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को अपने साथ जोड़ने की इच्छा जताई है तो वैसे ही दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा के लिए अप्रोच किया।

दिल्ली कैपिटल्स चाहती थी कि वे ट्रेड से रोहित को अपने साथ जोड़ लें, ये संभव नहीं हुआ। दरअसल, दिल्ली कैपिटल्स और रोहित के बीच डील इसलिए नहीं हो पाई, क्योंकि रोहित और मुंबई इंडियंस के बीच कॉन्ट्रैक्ट है, जिसके चलते वे ट्रेड के लिए उपलब्ध नहीं थे।

एक रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत को एक इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खिलाने के उद्देश्य से सीनियर खिलाड़ी को कप्तानी सौंपने का मन बनाया था। हालांकि, जब रोहित के साथ उनकी डील नहीं हुई तो उन्हें ऋषभ पंत को ही कप्तान चुनना पड़ा।

रोहित की बात करें तो उन्हें मुंबई इंडियंस ने कप्तानी से हटा दिया है। वे सिर्फ एक प्लेयर के तौर पर टीम के लिए खेलते नजर आएंगे। रोहित आईपीएल 2024 में हार्दिक की कप्तानी में खेलेंगे। मुंबई ने हार्दिक को गुजरात टाइटन्स से ट्रेड में लिया है। वे पिछले दो सीजन में गुजरात टीम के कप्तान थे और वे इसी शर्त पर मुंबई लौटे कि उनको कप्तानी मिलेगी।

मुंबई इंडियंस ने आधिकारिक तौर पर हार्दिक को अपना कप्तान बना लिया है। बता दें कि हार्दिक की मुंबई में वापसी इस वजह से संभव हो पाई, क्योंकि मुंबई इंडियंस ने कैमरोन ग्रीन को आरसीबी को ट्रेड में दिया है।

यही कारण था कि इस महंगे खिलाड़ी को मुंबई इंडियंस अपने साथ जोड़ सकी, क्योंकि साढ़े 17 करोड़ रुपये में उन्होंने कैमरोन ग्रीन को खरीदा था। उनको आरसीबी को सौंप दिया तो इतनी रकम उनके पर्स में बाकी रही, जिससे वे हार्दिक को पैसे दे सकते हैं। कुछ ट्रांसफर फीस भी MI को चुकानी पड़ी है।