Trending

दुबई पैरा बैडमिंटन : सुहास एलवाई ने जीता रजत पदक, भारत को 1 स्वर्ण, 5 रजत व 8 कांस्य पदक

लखनऊ। आईएएस अधिकारी व यूपी सरकार में खेल व युवा कल्याण विभाग के सचिव सुहास एलवाई ने दुबई में आयोजित दुबई पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल टूर्नामेंट-2023 में पुरुष सिंगल्स में रजत पदक अपने नाम किया।

दुबई में गत 11 से 17 दिसंबर 2023 तक आयोजित इस टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, 5 रजत और 8 कांस्य पदक जीते। इसमें टोक्यो पैरालंपिक के रजत पदक विजेता व पैरा एशियन गेम्स-2023 के स्वर्ण पदक विजेता सुहास एलवाई को पुरुष सिंगल्स एसएल 4 में यह सफलता मिली।

भारत के नंबर वन पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी सुहास को इस वर्ग के फाइनल में मलेशिया के मो.आमिर बुरहानुद्दीन ने 21-13, 21-16 से हराया। बताते चले कि मूल रूप से कर्नाटक में शिमोगा जिले के रहने वाले उत्तर प्रदेश कैडर के वर्ष 2007 बैच के आईएएस अफसर सुहास एलवाई इससे पहले गौतमबुद्धनगर में जिलाधिकारी थे जहां उनकी तैनाती कोविड-19 महामारी काल के समय मार्च 2020 में हुई थी।

उन्होंने आजमगढ़ में जिलाधिकारी के पद पर तैनात भारतीय पैरा बैडमिंटन टीम के मुख्य कोच द्रोणाचार्य अवार्डी गौरव खन्ना के प्रोत्साहन पर पैरा बैडमिंटन की प्रैक्टिस शुरू की थी और फिर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कई टूर्नामेंटों में लगातार देश के लिए पदक जीत रहे हैं।

सुहास एल वाई ने टोक्यो पैरालंपिक में रजत, हांगझाऊ पैरा एशियन गेम्स-2023 में स्वर्ण सहित कई अंतरारष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई पदक जीते है। उन्होंने इस साल ऑस्ट्रेलिया इंटरनेशनल पैरा बैडमिंटन टूर्नामेंट-2023 में कांस्य और थाईलैँड पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीते है।

सुहास एलवाई जकार्ता पैरा एशियन गेम्स-2018 में पुरुष टीम स्पर्धा का कांस्य पदक जीत चुके है। इसके अलावा उन्होंने 2016 में बीजिंग में हुई एशियन पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप में पुरुष एकल का स्वर्ण पदक जीता था।