Trending

आईएसएल : पंजाब एफसी को चेन्नइयन एफसी के खिलाफ वापसी की उम्मीद

नई दिल्ली: पंजाब एफसी इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2023-24 के 11वें दौर में यहां जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में चेन्नइयन एफसी के खिलाफ होने वाले मैच में जीत के इरादे से उतरेगी। यह मैच रात आठ बजे शुरू होगा। पंजाब एफसी दस मैचों में पांच अंक लेकर तालिका में 11वें स्थान पर है जबकि चेन्नइयन एफसी दस मैचों में 12 अंक के साथ छठे स्थान पर है।

अगर चेन्नइयन के खिलाफ टीम सकारात्मक परिणाम हासिल करती है तो यह सत्र के लिए शानदार वापसी होगी क्योंकि शेर्स की टीम सत्र की अपनी पहली जीत की तलाश में है। उसे अक्टूबर में चेन्नइयन के खिलाफ सत्र की सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा था जब उसे चेन्नई में 5-1 से हार का सामना करना पड़ा था।

पीएफसी को गुरुवार को नई दिल्ली में करीबी मुकाबले में केरल ब्लास्टर्स ने 1-0 से हराया था। जबकि मरीना मचान्स अपने पिछले मुकाबले में बेंगलुरू एफसी को 2-0 से हराने के बाद पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगी। जुआन मेरा अपनी चोट से उभर चुके हैं। वो कल होने वाले मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।

मैच से पहले पीएफसी के मुख्य कोच स्टेकोस वर्गेटिस ने कहा, ‘पूरी टीम को लगातार मैच खेलने की स्थिति से सामंजस्य बिठाना होगा और अपने काम में पेशेवर होना होगा।

प्रत्येक मैच के साथ हमने अपने रक्षात्मक कार्य में सुधार किया है। हमने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया है। बावजूद इसके हमें अपने आक्रामक बदलाव पर काम करने की जरूरत है। अंतिम निर्णय मानक के अनुरूप नहीं रहा है। हमें इसमें सुधार करने की जरूरत है। हमें उम्मीद है कि हमारी टीम कल के मुकाबले में उम्दा प्रदर्शन करेगी

पीएफसी के मिडफील्डर आशीष प्रधान ने मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘हम मैच से तीन अंक हासिल करने के लिए अपना पूरा प्रयास करेंगे। ड्रेसिंग रूम का माहौल बहुत अच्छा है। खेल से सकारात्मक परिणाम हासिल करने के लिए मनोबल ऊंचा है।