Trending

अर्शदीप और आवेश की शानदार गेंदबाजी के आगे दक्षिण अफ्रीका ढेर

अर्शदीप सिंह (5 विकेट) और आवेश खान (4 विकेट) की शानदार गेंदबाजी के बाद श्रेयस अय्यर (52 रन), साई सुदर्शन (55 रन) की पारी से भारत ने तीन मैचों की सीरीज के पहले वनडे में दक्षिण अफ्रीका को 8 विकेट से हराया। अर्शदीप ने 10 ओवर में 37 रन देकर पांच विकेट लिये, आवेश ने आठ ओवर में 27 रन पर चार विकेट चटकाये।

कुलदीप यादव (तीन रन पर एक विकेट) को एक सफलता मिली। दक्षिण अफ्रीका के लिए एंडिले फेहलुकवायो ने 33 और टोनी डी जोरजी ने 28 रन बनाये। मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में युवा तेज गेंदबाजों के सामने दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज असहज दिखे।

Credits : Espncricinfo

अर्शदीप, आवेश और मुकेश कुमार (सात ओवर में बिना किसी सफलता के 46 रन) की तिकड़ी ने इस मैच से पहले कुल सात विकेट लिये थे, इस मैच में ही उन्होंने नौ विकेट साझा किये। मुकेश को साथ नहीं मिला। पारी की पहली ही गेंद पर पगबाधा की उनकी अपील को मैदानी अंपायर ने खारिज कर दिया और टीम ने रिव्यू नहीं लेने का फैसला किया। रीप्ले में रीजा हेंड्रिक्स आउट दिख रहे थे।

दक्षिण अफ्रीका भारत के खिलाफ कोलकाता में अपने पिछले एकदिवसीय (विश्व कप) में 83 रन पर आउट हुई थी। भारत के लिए विश्व कप फाइनल खेलने वाली टीम के तीन खिलाड़ी कप्तान केएल राहुल, स्पिनर कुलदीप और मध्यक्रम बल्लेबाज श्रेयस अय्यर इस मैच का हिस्सा है। ऐसे में टीम के युवा तेज गेंदबाजों ने अपनी प्रतिभा से प्रभावित किया।

Credits : Espncricinfo

भारतीय गेंदबाजों ने यह पक्का किया कि दक्षिण अफ्रीका के ज्यादातर बल्लेबाजों को क्रीज से बाहर निकलने या बैकफुट पर जाने का अवसर नहीं मिले। अर्शदीप और आवेश दोनों के पास हैट्रिक विकेट लेने का मौका था, वे चूक गये।

अर्शदीप पारी के दूसरे ओवर में लगातार गेंदों पर हेंड्रिक्स और रासी वान डर डुसेन को खाता खोले बगैर आउट करने के बाद पावरप्ले के अंदर चार विकेट चटकाये। इसमें आक्रामक बल्लेबाजी करने वाले टोनी डी जोरजी (28) और हेनरिक क्लासेन (06) का विकेट भी है। जोरजी ने 22 गेंद की अपनी पारी में दो चौके और दो छक्के लगाये।

पावरप्ले के बाद गेंदबाजी आक्रमण पर आये आवेश ने अपनी पहली गेंद पर कप्तान एडेन मार्कराम (12) को अंदर आती गेंद पर बोल्ड किया और फिर अपनी तेज गति से अनुभवी डेविड मिलर (02) को चकमा देकर चलता किया। वियान मुलडर (शून्य) और केशव महाराज (04) को भी आवेश की गति से सामंजस्य बैठाने में परेशानी हुई।

आठवें क्रम के बल्लेबाज फेहलुकवायो ने 33 रन की पारी खेलकर टीम के स्कोर को 100 रन के पार पहुंचाया। वह 49 गेंद की पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाने के बाद अर्शदीप सिंह का पांचवां शिकार बने। आखिरी बल्लेबाज तबरेज शम्सी (नाबाद 11) दहाई के आंकड़े में रन बनाने वाले टीम के चौथे बल्लेबाज बने।