यूएई इंटरनेशनल लीग टी-20 : नवीन-उल-हक पर 20 माह का प्रतिबंध
शारजाह वॉरियर्स के साथ अपने प्लेयर एग्रीमेंट का उल्लंघन करने के लिए अफगानिस्तान पेसर नवीन-उल-हक को यूएई की इंटरनेशनल लीग टी-20 से 20 महीने के लिए बैन कर दिया है। उन्हें अगले साल जनवरी-फरवरी में खेले जाने वाले टूर्नामेंट के लिए रिटेंशन नोटिस पर साइन करने से मना कर दिया था।
बैन प्रभावी रूप से नवीन को 2024 और 2025 में इस लीग खेलने से रोक देगा। इस बैन का असर नवीन पर अधिक नहीं पड़ेगा, क्योंकि वे जनवरी-फरवरी में ही होने वाली दक्षिण अफ्रीका लीग का हिस्सा होंगे। उन्होंने डरबन के सुपर जाइंट्स के साथ अनुबंध किया है।

शारजाह वॉरियर्स ने 2023 में लीग के पहले सीजन में नवीन को साइन किया था। इस वर्ष के आगाज में ही टीम ने उन्हें रिटेंशन नोटिस भेजा था। नवीन ने जब नोटिस पर साइन करने से मना कर दिया, तब टीम ने लीग के अधिकारियों से संपर्क किया। ILT20 ने नवीन से बातचीत करने की कोशिश की, दोनों के बीच कोई हल नहीं निकला।
लीग की डिसिप्लीनरी कमेटी में ILT20 के चीफ एक्जिक्यूटीव डेविड व्हाइट, सिक्योरिटी और एन्टी-करप्शन प्रमुख कर्नल आजम और एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड के सदस्य जायद अब्बास थे। इस कमेटी ने वॉरियर्स और नवीन दोनों को सुना और उनके सामने सबूतों की जांच की।
ILT20 के चीफ एक्जिक्यूटीव डेविड व्हाइट ने कहा, हमें यह घोषणा करने में गर्व नहीं है, सभी पक्षों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपनी अनुबंध संबंधी प्रतिबद्धताओं का पालन करें और यह पहचानें कि इसे नहीं मानने से दूसरे पक्ष को नुकसान हो सकता है। दुर्भाग्य से नवीन-उल-हक शारजाह वॉरियर्स के साथ अपने कॉन्ट्रेक्ट संबंधी दायित्वों का पालन करने में असफल रहे और ऐसे में लीग के पास उन पर 20 महीने का प्रतिबंध लगाने के अलावा कोई विकल्प नहीं था।
नवीन 2023 सीजन में वॉरियर्स के लिए बेहतर प्रदर्शन करने वालों में से एक थे, और जुनैद सिद्दीकी के साथ संयुक्त रूप से सबसे अधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ी (11 विकेट) रहे। वॉरियर्स के लिए यह कठिन समय था, उन्होंने अपने दस में से तीन गेम जीते और प्लेऑफ से चूक गए।