Trending

अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी : उत्तराखंड पर जीत से उत्तर प्रदेश क्वार्टरफाइनल में

लखनऊ। धारदार गेंदबाजी और तूफानी बल्लेबाजी के सहारे उत्तर प्रदेश ने अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता के लीग मैच में उत्तराखंड के खिलाफ 3 विकेट से जीत दर्ज की।

काशीपुर (उत्तराखंड) में खेले गए इस मुकाबले में जीत के साथ उत्तर प्रदेश अब क्वार्टर फाइनल में पहुंच गया है, जहां उसकी टक्कर 29 दिसंबर को केरल से होगी।

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के मीडिया मैनेजर मोहम्मद फहीम के अनुसार उत्तर प्रदेश टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उत्तराखंड अपनी पहली पारी में 273 रन का स्कोर ही बना सका। उत्तर प्रदेश के गेंदबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया और उत्तराखंड को खासे झटके दिए।

उत्तर प्रदेश की ओर से आदित्य कुमार सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट जबकि शुभम मिश्रा ने चार विकेट हासिल किए। जवाब में उत्तर प्रदेश अपनी पहली पारी में 242 रन ही बना सका। इसमें अक्षय दुबे (57) ने अर्धशतक जड़ा जबकि काव्य तेवतिया ने 43 रन बनाए।

इसके बाद दूसरी पारी में उत्तर प्रदेश के गेंदबाजों ने उत्तराखंड को 288 रन पर रोक दिया। इससे उत्तर प्रदेश को जीत के लिए 320 रन का लक्ष्य मिला। उत्तर प्रदेश से यशु प्रधान ने तीन व शुभम मिश्रा ने दो विकेट हासिल किए। जवाब में उत्तर प्रदेश ने 91.5 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 321 रन बनाकर मैच जीत लिया।

उत्तर प्रदेश से काव्या तेवातिया ने दूसरी पारी में भी तूफानी बल्लेबाजी की और 207 गेंदों पर 14 चौके व दो छक्के से 129 रन की शतकीय पारी खेली। शुभम मिश्रा ने भी 87 गेंदों पर 9 चौके व एक छक्के से नाबाद 62 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।