भारत दक्षिण अफ्रीका के बीच टक्कर आज, बारिश की 60 फीसदी संभावना
भारत और मेजबान दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच केबेरा के सेंट जॉर्ज पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा। टॉस शाम 4:00 बजे होगा। तीन मैचों की सीरीज में भारत 1-0 से आगे है। टीम ने पहला पहला मैच 8 विकेट से जीता था। भारत तीनों फॉर्मेट की सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका दौरे पर है। इसकी शुरुआत टी-20 सीरीज से हुई। टी-20 सीरीज 1-1 से बराबर रही।
भारत ने दक्षिण अफ्रीका में 6 वनडे सीरीज खेली। इसमें 5 सीरीज दक्षिण अफ्रीका जीता और केवल एक सीरीज भारत जीत सका। अगर भारत आज का मैच जीत जाता है तो सीरीज पर कब्जा कर लेगा और मेजबान के घरेलू मैदान पर दूसरी बार सीरीज जीतेगा। भारत यहां पिछली सीरीज 2018 दौरे पर जीती थी। तब 6 वनडे की सीरीज में भारत को 5-1 से जीत मिली थी।

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब तक वनडे फॉर्मेट में कुल 16 सीरीज खेली गईं। इनमें 7 भारत जीता और 6 में दक्षिण अफ्रीका को जीत मिली है। 2 सीरीज ड्रॉ रही हैं। दोनों टीमों के बीच कुल 92 वनडे खेले गए। 50 में दक्षिण अफ्रीका और 39 में भारत को जीत मिली। 3 मैच बेनतीजा भी रहे।
वनडे सीरीज में भारत की कप्तानी केएल राहुल कर रहे हैं। वह इस साल भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी टॉप पर हैं। राहुल से ज्यादा रन शुभमन गिल (1584), विराट कोहली (1377) और रोहित शर्मा (1255) के नाम हैं, ये तीनों खिलाड़ी सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। बॉलिंग में स्पिनर कुलदीप यादव टॉप पर हैं। उनके नाम 2023 में 29 वनडे में 49 विकेट हैं।
पहले वनडे में भारत से साई सुदर्शन और श्रेयस अय्यर ने फिफ्टी लगाईं। अर्शदीप सिंह और आवेश खान ने मिलकर 9 विकेट लिए थे। दक्षिण अफ्रीका की कमान ऐडन मार्करम संभाल रहे हैं। मार्करम इस साल दक्षिण अफ्रीका के लिए टॉप रन स्कोरर हैं। उन्होंने इस साल 22 मैच में 995 रन बनाए हैं। टॉप विकेट टेकर की लिस्ट में केशव महाराज पहले नंबर पर हैं। उनके नाम इस साल 24 विकेट हैं।
पहले वनडे में दक्षिण अफ्रीका से कोई बैटर फिफ्टी नहीं लगा सका। विकेट भी एंडिले फेलुक्वायो और वायन मुल्डर को ही मिला। केबेरा के सेंट जॉर्ज पार्क स्टेडियम की पिच पर गेंदबाज ज्यादा इफेक्टिव साबित हो सकते हैं। यहां कुल 42 वनडे खेले गए हैं। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 20 और बाद में बैटिंग करने वाली टीम ने 21 मैच जीते हैं। एक मैच नो रिजल्ट रहा।
इस मैदान का टीम हाईएस्ट स्कोर 335 रन है, जो पाकिस्तान ने 2002 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया था। लोवेस्ट टीम स्कोर 112 है जो न्यूजीलैंड ने 2003 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही बनाया था। केबेरा में गुरुवार को मौसम को लेकर अच्छी खबर नहीं है। आज यहां बारिश की 60% आशंका है। टी-20 सीरीज के शुरुआती दोनों मैचों में बारिश ने बांधा डाली थी। इस दौरान हवा की रफ्तार 15 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। तापमान 16 से 28 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत: केएल राहुल (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड, साई सुदर्शन, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, आवेश खान और मुकेश कुमार
दक्षिण अफ्रीका: ऐडन मार्करम (कप्तान), टोनी डी जॉर्जी, रीजा हेंड्रिक्स, रासी वान डर डसन, हेनरिक क्लासन, डेविड मिलर, वायन मुल्डर, एंडिले फेलुक्वायो, केशव महाराज, तबरेज शम्सी और नांद्रे बर्गर