Trending

सचिन के 14 साल पुराने रिकॉर्ड से आगे निकले बांग्लादेशी बल्लेबाज सौम्य सरकार

बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज सौम्य सरकार ने नेल्सन में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे के दौरान महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सौम्य ने 151 गेंदों पर 111.92 की स्ट्राइक रेट से 169 रन की पारी खेली। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने पहली पारी में कीवी गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ 22 चौके और 2 छक्के लगाए।

न्यूजीलैंड के खिलाफ 30 वर्षीय खिलाड़ी की पारी ने उन्हें न्यूजीलैंड में उपमहाद्वीप के एक खिलाड़ी द्वारा एकदिवसीय मैचों में सर्वाधिक रनों के सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। 2009 में ‘मास्टर ब्लास्टर’ ने क्राइस्टचर्च में कीवी टीम के खिलाफ नाबाद 163 रन की पारी खेली थी।

साभार : गूगल

उन्होंने वनडे फॉर्मेट में किसी विदेशी मैदान पर बांग्लादेशी क्रिकेटर द्वारा सर्वाधिक रन का भी रिकॉर्ड बनाया। मैच की बात करें तो सैक्सटन ओवल में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। सौम्य सरकार (151 गेंदों पर 169 रन) और विकेटकीपर मुश्फिकुर रहीम (57 गेंदों पर 45 रन) की बेहतरीन पारियों से ‘बंगाल टाइगर्स’ ने 291 रन बनाए।

न्यूजीलैंड के लिए जैकब डफी और विलियम ओ’रूर्के ने अपने-अपने स्पैल में तीन-तीन विकेट झटके, एडम मिल्ने, जोश क्लार्कसन और आदित्य अशोक ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में न्यूजीलैंड ने 46.2 ओवर में 3 विकेट पर 296 रन बनाकर मैच जीत लिया। न्यूजीलैंड के लिए विल यंग (89) और हेनरी निकोल्स (95) ने बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली।

इन दोनों के अलावा रचिन रविंद्र ने 45, कप्तान टॉम लैथम ने नाबाद 34 और टॉम ब्लंडेन ने नाबाद 24 रन बनाए। बांग्लादेश के लिए हसन महमूद ने 2 और शोरफुल इस्लाम ने 1 विकेट लिया।