Trending

राष्ट्रीय महिला मुक्केबाजी : रेलवे की सोनिया व तमिलनाडु की कलाईवानी की आसान जीत

2016 विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (आरएसपीबी) की सोनिया लाठेर और तमिलनाडु की एस कलाईवानी ने 7वीं एलीट राष्ट्रीय महिला मुक्केबाजी चैंपियनशिप के शुरुआती दिन जीत के साथ अपने सफ़र का आगाज किया।

सोनिया ने 57 किग्रा के शुरुआती दौर के मैच में मध्य प्रदेश की माही लामा के खिलाफ आक्रामक शुरुआत की और 5-0 से आसान जीत दर्ज की।

पिछले संस्करण की रजत पदक विजेता कलाईवानी ने 48 किग्रा मैच में केरल के मिलानो एमजे को हराया। कलाइवानी अगले दौर में हरियाणा की गितिका से भिड़ेंगी, जिन्होंने राउंड 1 में रेफरी स्टॉपिंग द कॉन्टेस्ट (आरएससी) के जरिये तेलंगाना की मेराज बेगम को हराया था।

2021 एशियाई युवा चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता उत्तराखंड की निवेदिता कार्की (48 किग्रा) ने राउंड 2 में आरएससी से मेघालय की वेरोनिका सोहशांग को हराया।

मौजूदा विश्व विजेता स्वीटी बूरा (81 किग्रा), 2022 विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता मनीषा (60 किग्रा) और टोक्यो ओलंपियन पूजा रानी (75 किग्रा) भारतीय मुक्केबाजी महासंघ द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के दूसरे दिन अपने अभियान की शुरुआत करेंगी।

मौजूदा टूर्नामेंट में शीर्ष सम्मान के लिए 12 भार वर्गों में 300 से अधिक मुक्केबाज प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। फाइनल 27 दिसंबर को खेला जाएगा। रिंकू (52 किग्रा) और तन्नु (57 किग्रा) हरियाणा की अन्य मुक्केबाज थीं जिन्होंने जीत हासिल की और 16वें दौर में प्रवेश किया।