पारिवारिक कारणों से विराट की भारत वापसी, ऋतुराज गायकवाड चोट के चलते बाहर
पारिवारिक कारणों से दक्षिण अफ्रीका से भारतीय बल्लेबाज विराट भारत आ आए हैं। बीसीसीआई के एक सूत्र ने शुक्रवार को एक समाचार एजेंसी को बताया, कोहली 26 दिसंबर से सेंचूरियन में शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए दक्षिण अफ्रीका लौट सकते हैं।
ऋतुराज गायकवाड दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। दोनों प्लेयर्स को लेकर बीसीसीआई ने अब तक कोई ऑफिशियल बयान जारी नहीं किया है। बताया गया है कि चोट की वजह से गायकवाड को बाहर किया गया है। सूत्र के अनुसार, ऋतुराज गायकवाड रिंग फिंगर फ्रैक्चर होने की वजह से दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे के दौरान कैच लेने की कोशिश करते समय गायकवाड की उंगली चोटिल हो गई थी।
गायकवाड से पहले विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन और तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से विकेटकीपर ईशान किशन ने अपना नाम वापस ले लिया है। उन्होंने पर्सनल कारणों के चलते बीसीसीआई से भारत में रहने की मंजूरी मांगी, जिसे बोर्ड ने अप्रूव कर लिया।
ईशान की जगह केएस भरत स्क्वॉड का हिस्सा होंगे। स्क्वॉड में भरत के अलावा केएल राहुल दूसरे विकेटकीपर हैं। ईशान से पहले तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी इंजरी के कारण टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए थे। वनडे वर्ल्ड कप में सबसे अधिक 24 विकेट लेने वाले मोहम्मद शमी भी टेस्ट सीरीज से बाहर हो चुके हैं। उन्हें एंकल इंजरी है और वर्ल्ड कप के बाद से ही उनका इलाज जारी है।
टेस्ट सीरीज के लिए स्क्वॉड के सभी खिलाड़ी 15 दिसंबर को दक्षिण अफ्रीका पहुंचे, इनमें शमी शामिल नहीं थे। वे फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर सके, इसलिए उन्हें स्क्वॉड से बाहर कर दिया गया है। शमी की गैरमौजूदगी में प्रसिद्ध कृष्णा को टेस्ट डेब्यू का अवसर मिल सकता है। पहले टेस्ट में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज बाकी 2 पेसर्स रहेंगे। पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार रही तो शार्दूल ठाकुर भी चौथे पेसर हो सकते हैं।
भारत दक्षिण अफ्रीका टूर पर गई है। भारत और दक्षिण अफ्रीका बीच टेस्ट सीरीज से पहले तीन मैचों की टी-20 सीरीज और इतने ही मैचों की वनडे सीरीज भी खेली गई थी। टी-20 सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही थी और वनडे सीरीज भारत 2-1 से जीता था। टेस्ट सीरीज का पहला मैच 26 से 30 दिसंबर तक होगा, दूसरा टेस्ट 3 से 7 जनवरी तक 2024 में होगा।
भारत (टेस्ट टीम)
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जयसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋतुराज गायकवाड, केएल राहुल (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जड़ेजा, शार्दूल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), प्रसिद्ध कृष्णा और केएस भरत (विकेटकीपर)