Trending

सेंचुरियन टेस्ट से पहले टीम में विराट लौटे, जमकर की प्रैक्टिस

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली टीम से जुड़ गए हैं। दो दिन पहले कोहली पारिवारिक कारणों से भारत लौट आए थे। एक समाचार एजेंसी के अनुसार, कोहली आज यानी 24 दिसंबर को सेंचुरियन पहुंचे और आधे घंटे बाद प्रैक्टिस सेशन में शामिल हो गए।

दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट 26 दिसंबर से सेंचुरियन में होगा। भारत का पहला प्रैक्टिस सेशन आज सुबह हुआ। इस दौरान कप्तान रोहित और कोहली दोनों ने नेट्स में बैटिंग की। केएल राहुल को विकेटकीपिंग का अभ्यास करते हुए देखा गया। रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर ने भी गेंदबाजी का जमकर अभ्यास किया है।

साभार : गूगल

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और पेसर जसप्रीत बुमराह इस टेस्ट सीरीज से वापसी कर रहे हैं। ये तीनों खिलाड़ी वर्ल्ड कप के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुई टी-20 सीरीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुई वनडे और टी-20 सीरीज में नहीं खेले थे।

भारत दक्षिण अफ्रीका टूर पर है। भारत और दक्षिण अफ्रीका बीच टेस्ट सीरीज से पहले तीन मैचों की टी-20 सीरीज और इतने ही मैचों की वनडे सीरीज हुई थी। टी-20 सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही थी और वनडे सीरीज भारतीय टीम 2-1 से अपने नाम की थी। टेस्ट सीरीज का पहला मैच 26 से 30 दिसंबर तक होगा, दूसरा टेस्ट 3 से 7 जनवरी तक 2024 में होगा।

दक्षिण अफ्रीका में भारत का टेस्ट प्रदर्शन खास नहीं रहा है। भारत अब तक दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी है। टीम ने अफ्रीकी मैदानों पर अब तक 8 टेस्ट सीरीज खेली हैं। इनमें से एक ड्रॉ रही, 7 सीरीज में टीम इंडिया को पराजय का सामना करना पड़ा।

टीम ने वहां 23 टेस्ट खेले हैं। इनमें से टीम को 4 में जीत मिली है, 7 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। शेष 12 मुकाबले में भारतीय टीम को पराजय का सामना करना पड़ा है।

भारतीय टेस्ट टीम : रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जयसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अभिमन्यु ईश्वरन, केएल राहुल (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जड़ेजा, शार्दूल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), प्रसिद्ध कृष्णा और केएस भरत (विकेटकीपर)