Trending

एयर पिस्टल ट्रायल में सहरावत, दिव्या की जीत

हरियाणा के करण सहरावत और कर्नाटक की दिव्या टीएस ने यहां पुरुष और महिला 10 मीटर एयर पिस्टल ट्रायल (टी2) में जीत हासिल की जिसके साथ राइफल और पिस्टल स्पर्धाओं के नए सत्र के शुरुआती दो चयन ट्रायल संपन्न हुए। अंतरराष्ट्रीय सत्र की 2024 की शुरुआत में इंडोनेशिया के जकार्ता में होने वाली एशियाई ओलंपिक क्वालीफाइंग टूर्नामेंट से शुरू होगा जिसके लिए भारतीय राइफल और पिस्टल टीम का ऐलान हुआ।

ओलंपियन सौरभ चौधरी पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल क्वालीफिकेशन में 586 अंक के साथ शीर्ष पर रहे। सीनियर ओलंपियन गुरप्रीत सिंह ने भी 586 अंक जुटाए, अंदरूनी 10 अंक के करीब कम शॉट मारने के कारण वह दूसरे स्थान पर रहे।

हरियाणा के तीन निशानेबाजों आदित्य मार्ला, सहरावत और स्पर्धा के उप विजेता रहे शिव नरवाल ने अंतिम तीन क्वालीफाइंग स्थान हासिल किए। सहरावत ने 24 निशाने के फाइनल में 243.0 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। शिव 242.6 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

सेना के केदारलिंग उचागावने ने 222.4 अंक के साथ सौरभ को पछाड़कर तीसरा स्थान हासिल किया। महिला 10 मीटर टी2 फाइनल में दिव्या 243.8 अंक के साथ शीर्ष पर रहीं। मनु भाकर (242.4) ने दूसरा स्थान हासिल किया। रिदम सांगवान 578 अंक के साथ क्वालीफिकेशन में शीर्ष पर थीं। दिव्या ने दो अन्य निशानेबाजों के समान 574 अंक जुटाए थे, काउंटबैक में आठवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में पहुंची।