तमीम इकबाल का बीसीबी से अनुरोध, न किया जाए केंद्रीय अनुबंध में शामिल
बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से अनुरोध किया है कि उन्हें आगामी केंद्रीय अनुबंध सूची में शामिल न किया जाए। पूर्व वनडे कप्तान तमीम ने पहले जोर देकर बोला था कि वह बीसीबी अध्यक्ष नजमुल हसन के साथ बात करने के बाद अपने अंतरराष्ट्रीय करियर पर फैसला करेंगे।
तमीम ने आखिरी बार भारत में आईसीसी विश्व कप के आगाज से पहले सितंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू वनडे सीरीज के दौरान बांग्लादेश की अगुवाई की थी, 2023 में एक टेस्ट और 12 वनडे खेले हैं।

एक क्रिकेट साइट के अनुसार, 34 वर्षीय खिलाड़ी ने बीसीबी के शीर्ष अधिकारियों और टीम प्रबंधन के साथ असहमति के बाद खुद को विश्व कप के लिए अनुपलब्ध रखने का फैसला किया और वह न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट श्रृंखला के साथ-साथ मौजूदा न्यूजीलैंड दौरे में भी शामिल नहीं हुए।
हालांकि, तमीम ने पिछले महीने अपना रुख साफ कर दिया था कि वह आगामी बांग्लादेश प्रीमियर लीग के साथ प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की योजना बना रहे हैं, जो 19 जनवरी से शुरू होने वाला देश का एकमात्र फ्रेंचाइजी-आधारित टी20 टूर्नामेंट है।
बीसीबी क्रिकेट संचालन के अध्यक्ष जलाल यूनुस ने रविवार को अपने कार्यालय में संवाददाताओं से कहा, तमीम ने कहा कि उसकी अपनी योजना है और इसलिए उसने हमसे उसे केंद्रीय अनुबंध सूची में शामिल नहीं करने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा, उन्हें (तमीम) राष्ट्रीय चुनाव के बाद आगे की रणनीति तय करने के लिए बीसीबी अध्यक्ष से मिलना है। तब तक हमें इंतजार करना होगा। बीसीबी को 31 दिसंबर तक केंद्रीय अनुबंध सूची को अंतिम रूप देने की उम्मीद है और उससे पहले इसे मंजूरी के लिए बीसीबी अध्यक्ष के पास भेजा जाएगा।