Trending

महिला राष्ट्रीय मुक्केबाजी : मंजू रानी और साक्षी अंतिम आठ में

रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (आरएसपीबी) का प्रतिनिधित्व करते हुए मंजू रानी ने चंडीगढ़ की गुड्डी के खिलाफ अपने अनुभव और कौशल का प्रदर्शन किया और 5-0 से जीत दर्ज की। इस मुक्केबाज को क्वार्टर फाइनल में दिल्ली की संजना से भिड़ना है।
एक अन्य मैच में एसएससीबी की साक्षी ने राउंड-16 मैच में तेलंगाना की रेफा मोहिद का सामना किया।

साक्षी के आक्रामक रवैये और जोरदार मुक्कों को संभालना रेफा के लिए बहुत मुश्किल था, जिसके परिणामस्वरूप रेफरी ने पहले राउंड में साक्षी के पक्ष में मैच रोक दिया। क्वार्टर फाइनल में साक्षी का मैच चंडीगढ़ की आरती मेहरा से होगा। एक अन्य महत्वपूर्ण मैच में 2022 सीनियर राष्ट्रीय चैंपियन शशि चोपड़ा (63 किग्रा) ने उत्तराखंड की आरती दरियाल को हराया।

शशि ने अपने कौशल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और टूर्नामेंट के अंतिम आठ में जगह बनाई। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए शशि का मैच ऑल इंडिया पुलिस के सोनू से होगा। 66 किग्रा मैच में अंकुशिता बोरो का मैच मिजोरम की वनलालहरियातपुई से था।

अंकुशिता ने पूरी प्रक्रिया में अपना दबदबा बनाए रखा और अंत में 5-0 के स्कोर के साथ आसानी से मैच जीत लिया। क्वार्टरफाइनल में उनका मैच आरएसपीबी की अंजलि तुषीर से होगा। बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 12 श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करने वाले 300 से अधिक मुक्केबाजों की भागीदारी देखी जा रही है, जिसका फाइनल बुधवार को होगा।