प्रीमियर लीग : एवर्टन की हार, वोल्व्स-चेल्सी और मैनचेस्टर यूनाइटेड की जीत
इंग्लैंड की फुटबॉल लीग प्रीमियर लीग में बुधवार को कई बेहतरीन मैच हुए। इनमें मैनचेस्टर सिटी, वोल्व्स, चेल्सी और मैनचेस्टर यूनाइटेड ने जीत दर्ज की। ब्रेंटफोर्ड के डिफेंडर के खराब प्रदर्शन के बीच तीन मिनट और तीन सेकेंड में तीन गोल से वोल्व्स ने प्रीमियर लीग में रिकॉर्ड जीत दर्ज की, चेल्सी ने पेनल्टी मिलने के बाद जीत दर्ज की। मैनचेस्टर सिटी ने विवादास्पद पेनल्टी के बाद एवर्टन को हराया।
चेल्सी और क्रिस्टल पैलेस के बीच खेले गए मुकाबले में जमकर ड्रामा देखने को मिला। वीडियो एसिस्टेंट रेफरी के एक फैसले के चलते चेल्सी के फैन्स गुस्सा गए थे, उसके कुछ मिनट बाद ही मिले पेनल्टी पर गोल ने फैन्स को चीयर करने का मौका दे दिया। नोनी मदुएके ने 89वें मिनट में पेनल्टी पर गोल कर चेल्सी को 2-1 से जीत दिलाई।

इस जीत से मॉरिशियो पोचेटिनो की चेल्सी के लिए 2023 के अंत में सकारात्मक नतीजे आए। इससे पहले मिखायलो मुद्रिक ने 13वें मिनट में गोल कर चेल्सी को 1-0 से आगे कर दिया था। क्रिस्टल पैलेस की ओर से माइकल ओलिसे ने 45+1वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। ऐसा लग रहा था कि यह मैच ड्रॉ होगा, पेनल्टी ने चेल्सी को जीत दिला दी।
एस्टन विला पर 3-2 से जीत दर्ज की। 26 मिनट में ही यूनाइटेड दो गोल से पिछड़ गया। इस प्रदर्शन पर मैनेजर एरिक टेन हैग की टीम की उसके समर्थकों ने ही हूटिंग शुरू कर दी, दूसरे हाफ में यूनाइटेड ने अपने खेल से समर्थकों को जश्न मनाने पर मजबूर कर दिया। टेन हैग ने कहा कि 0-2 से पिछड़ने के बाद मैंने टीम से कहा कि सिर्फ अपने में विश्वास रखो, हम यह मैच जीतेंगे।
चार मैचों से यूनाइटेड को न सिर्फ हार मिल रही थी बल्कि उसने कोई गोल भी नहीं किया था। 20 बार की ईपीएल विजेता यूनाइटेड इस सत्र में बुरे दौर से गुजर रही है, इस मैच में उसने जबरदस्त वापसी की। तीसरे स्थान पर चल रहे एस्टन विला को पिछले 10 मैचों से हार नहीं मिली थी। जॉन मैक्गिन ने 21वें और लिएंडर डेंडोंकर ने 26वें मिनट में गोल कर विला को 2-0 से आगे कर एक बार जीत की उम्मीदें जगाईं।
दूसरे हाफ में यूनाइटेड एकदम से बदली टीम दिखी। 59वें मिनट अलजांद्रो गरनाचो ने गोल किया। 71वें मिनट में उन्होंने एक और गोलकर 2-2 की बराबरी दिला दी। मैच समाप्ति से आठ मिनट पहले रासमुस हाजलुंद ने गोलकर यूनाइटेड को 3-2 से बढ़त दिला दी। इस बढ़त को यूनाइटेड ने मैच के अंत तक कायम रखा। इस जीत से यूनाइटेड छठे स्थान पर आ गया है।
क्लब वर्ल्ड कप जीतने वाले मैनचेस्टर सिटी टीम को बुधवार को जीत दर्ज करने के लिए काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उन्होंने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए एवर्टन को 3-1 से हराया। पेप गार्डियोला टीम को 29वें मिनट में झटका लगा, जब एवर्टन के जैक हैरिसन ने 29वें मिनट में गोल दागा। हाफ टाइम तक एवर्टन की टीम 1-0 से आगे चल रही थी।
दूसरे हाफ में सिटी के बर्नार्डो सिल्वा ने शानदार प्रदर्शन किया और सिटी को बढ़त हासिल करने में मदद की। दूसरे हाफ में सिटी के फिल फोडेन ने गोल दाग स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। 64वें मिनट में मैनचेस्टर सिटी को पेनल्टी मिला और उस पर जूलियन अल्वारेज ने गोल दाग स्कोर 2-1 कर दिया। मैच के आखिरी कुछ मिनट में सिल्वा ने गोल दाग अपनी टीम को 3-1 से जीत दिलाई।
वोल्व्स ने ब्रेंटफोर्ड पर 4-1 की जीत हासिल की। वोल्व्स के लिए गोल का खाता 13वें मिनट में ही खुल गया, जब मारियो लेमिना ने बेहतरीन गोल दागा। 12 सेकंड बाद ही ह्वांग ही चान ने गोल दाग स्कोर 2-0 कर दिया। ब्रेंटफोर्ड ने वापसी की कोशिश की और 16वें मिनट में योएन विसा ने गोल किया।
इसके बाद ब्रेंटफोर्ड के डिफेंडर्स का खराब खेल शुरू हुआ, जिसे वह जल्द से जल्द भूलना चाहेंगे। 28वें मिनट में ह्वांग ने एक और गोल दागा। वहीं, 79वें मिनट में जीनरिसनर बेलेगार्डे ने गोल दाग अपनी टीम को 4-1 से जीत दिलाई।