शतक के बाद ऑनलाइन ट्रोलिंग पर केएल राहुल ने की मन की बात
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में भारतीय पारी बुरी तरह लड़खड़ा गई, केएल राहुल की जुझारू पारी ने भारत को एक मजबूत टोटल तक पहुंचाया। राहुल ने शतकीय पारी के बाद एक इंटरव्यू में सोशल मीडिया पर किए जाने वाली आलोचनाओं पर खुलकर बात की।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में हो रहे पहले टेस्ट में केएल राहुल ने 137 गेंदों में 101 रन की पारी खेली। राहुल का शतक ऐसे समय में आया, जब भारत से यशस्वी जयसवाल, कैप्टन रोहित शर्मा, शुभमन गिल, कोहली और श्रेयस अय्यर बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए।

पहली पारी में कठिन बल्लेबाजी हालातों में अपने प्रयासों के लिए राहुल की सराहना की गई। उन्होंने अपना आठवां टेस्ट शतक मारा और टीम को 245 रन पर पहुंचाया। विरोधी टीम के डीन एल्गर के नाबाद शतक ने राहुल की इस जुझारू पारी को फीका कर दिया। प्रोटियाज़ ने एल्गर के नाबाद 140 रन से पहली पारी में बढ़त हासिल कर ली है।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद राहुल ने कहा, एक व्यक्ति के रूप में, एक क्रिकेटर के रूप में… आपको हर दिन, हर पल चुनौती मिलती है। सोशल मीडिया का एक दबाव है। जब मैंने शतक बनाया है, वही लोग मेरी तारीफ कर रहे हैं।
तीन, चार महीने पहले हर कोई मुझे ट्रोल कर रहा था। यह खेल का हिस्सा है, मैं यह नहीं कह सकता कि इसका आप पर असर नहीं पड़ता। आप लोगों को बदल नहीं सकते। लोगों को बोलने की आजादी है, कुछ चीजें काफी दुख देने वाली होती है।
आईसीसी ने राहुल के हवाले से कहा, जितनी जल्दी आपको यह एहसास होगा कि इससे दूर रहना आपके खेल और आपकी मानसिकता के लिए अच्छा है, उतना ही बेहतर होगा। उन्होंने बोला कि चोट के चलते जब वो क्रिकेट से दूर थे, तब उन्होंने खुद पर फोकस किया, जब आप अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलते हैं, तब आपको एक व्यक्ति के रूप में चुनौती का सामना करना पड़ता है।
बात अगर मैच की करे तो दक्षिण अफ्रीका तीसरे दिन 11 रन की बढ़त के साथ आगे बढ़ेगी। उनके पांच विकेट शेष हैं। क्रीज पर एल्गर हैं तो दूसरे छोर पर ऑलराउंडर मार्को जानसन हैं। राहुल का मानना है कि अगर गेंदबाज अपनी लय हासिल करने में सफल रहे तो भारत एल्गर के फेयरवेल मैच का पहला टेस्ट खराब कर सकता है।
राहुल ने कहा, हम बहुत आगे के बारे में नहीं सोच रहे हैं। हमें बस गुरुवार को पहले सत्र पर ध्यान केंद्रित करना है। मुझे लगता है कि सही क्षेत्रों में गेंदबाजी करना महत्वपूर्ण है। विकेट में थोड़ी मदद मिल रही है। जितनी जल्दी हो सके हमें उन्हें आउट करने का प्रयास करना होगा।