जेमिमा और पूजा के अर्धशतक से भारत के 282 रन, जाने ऑस्ट्रेलिया का हाल
जेमिमा रोड्रिग्स (82 रन) और पूजा वस्त्राकर (नाबाद 62 रन) से भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैच की महिला वनडे सीरीज के पहले मैच में आठ विकेट पर 282 रन बनाया, जो इस प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ उसका सर्वोच्च वनडे स्कोर है। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने समाचार लिखे जाने तक 3 विकेट पर 241 रन बना लिए थे।
भारत का वनडे में आस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछला सर्वश्रेष्ठ स्कोर चार विकेट पर 281 रन था जो उसने 2017 में डर्बी में बनाया था।

भारत की शीर्ष क्रम की कोई बल्लेबाज अपनी शुरूआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सकीं, जेमिमा ने गर्मी और उमस से जूझते हुए 2023 में अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी और इस वर्ष चार वनडे में अपना दूसरा अर्धशतक मारा, जो आस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका पहला पचासा भी है।
इस बल्लेबाज ने 77 गेंद में सात चौकों से वनडे में अपना दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया। उन्होंने वानखेड़े स्टेडियम में कई साझेदारी बनायी और पूजा के साथ आठवें विकेट के लिए 68 रन की भागीदारी अहम रही जिसमें दोनों प्लेयर्स ने तेजी से रन जुटाये।
पूजा ने मैदान के चारों ओर शॉट लगाये और अपना चौथा अर्धशतक मारा। इस बल्लेबाज ने 46 गेंद में सात चौके और दो छक्के से नाबाद 62 रन बनाये। भारत ने अंतिम छह ओवरों में 56 रन जुटाये। एशले गार्डनर (63 रन देकर दो विकेट) ने इस दौरान जेमिमा को आउट किया जिसके बाद पूजा ने तेजी से रन बटोरने की जिम्मेदारी उठायी।
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने आई भारत की शुरूआत अच्छी नहीं रही जिसने तीसरे ही ओवर में शेफाली वर्मा (01) के रूप में पहला विकेट गंवा दिया जब डार्सी ब्राउन (33 रन देकर एक विकेट) ने उन्हें आउट किया।
ऋचा घोष तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आई, उन्होंने अच्छी शुरूआत करते हुए चार चौके मारकर 20 गेंद में 21 रन बनाये, अनाबेल सदरलैंड (43 रन देकर एक विकेट) की गेंद को सही तरह से टाइम नहीं कर सकीं और मिड ऑफ पर तहलिया मैकग्रा को कैच देकर पवेलियन लौट गयीं।
भारत को कप्तान हरमनप्रीत कौर के रूप में एक और बड़ा झटका लगा जो 17 गेंद खेलकर नौ रन ही बना पायी थीं और गार्डनर की गेंद पर आउट हुईं।
एक छोर पर लगातार विकेट गिर रहे थे और यास्तिका भाटिया (49 रन) दूसरे छोर पर बाउंड्री लगाकर अपने अर्धशतक के करीब पहुंची, एक रन से चूक गयीं। लेग स्पिनर जार्जिया वारेहैम (55 रन देकर दो विकेट) की फुल टॉस गेंद पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में वह डीप स्क्वायर में मेगान शट को कैच देकर आउट हो गयीं।
यास्तिका ने 64 गेंद में सात चौकों से 49 रन बनाये। दीप्ति शर्मा (21 रन) और अमनजोत कौर (20 रन) ने शुरूआत की, दोनों एक तरह आउट हो गयीं।
रोड्रिग्स ने दीप्ति के साथ पांचवें विकेट के लिए 39 रन जोड़े और अमनजोत के साथ छठे विकेट के लिए 45 रन की भागीदारी की। मेगान शट ने आल राउंडर स्नेह राणा (01) को 38वें ओवर में आउट किया जिसके बाद जेमिमा और पूजा ने पारी संभाली।