Trending

सेंचुरियन टेस्ट : दक्षिण अफ्रीका की जीत, भारत की पारी व 32 रन से हार

डीन एल्गर (185 रन) के बड़े शतक और मार्को यानसन (नाबाद 84 रन) के साथ उनकी शतकीय साझेदारी के बाद नांद्रे बर्गर की अगुवाई में गेंदबाजों के जोरदार प्रदर्शन से दक्षिण अफ्रीका ने पहले टेस्ट के तीसरे ही दिन भारत को पारी और 32 रन से मात देकर दो मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त ली।

सीरीज का दूसरा टेस्ट तीन जनवरी से केपटाउन में होगा। पहली पारी में 163 रन से पिछड़ने के बाद भारत दूसरी पारी में बर्गर (33 रन पर चार विकेट), यानसन (36 रन पर तीन विकेट) और कगीसो रबाडा (32 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 34.1 ओवर में 131 रन पर ढेर हो गया जिससे दक्षिण अफ्रीका में पहली बार टेस्ट सीरीज जीतने का उसका सपना भी टूट गया।

Credits: Espncricinfo

भारत से विराट कोहली (82 गेंद में 76 रन, 12 चौके, एक छक्का) ही टिककर बल्लेबाजी कर पाए। वह आउट होने वाले अंतिम बल्लेबाज रहे। शुभमन गिल (26) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए। दक्षिण अफ्रीका ने इससे पहले सलामी बल्लेबाज एल्गर (287 गेंद में 185 रन, 28 चौके) और करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलने वाले यानसन (147 गेंद में नाबाद 84, 11 चौके, एक छक्का) के बीच छठे विकेट की 111 रन की साझेदारी से पहली पारी में 408 रन बनाए।

भारत ने पहली पारी में 245 रन बनाए थे। पहली पारी की तरह दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों की गति, उछाल और मूवमेंट के सामने बेबस दिखे। रबाडा ने पारी के तीसरे ओवर में ही कप्तान रोहित (00) को आउट किया। रोहित को गेंद के टप्पा खाकर अंदर आने की उम्मीद थी लेकिन यह बाहर की ओर मूव हो गई।

यशस्वी जायसवाल (05) इतने अधिक उछाल वाली पिच पर इससे पहले कभी नहीं खेले थे। वह बर्गर की उछाल लेती गेंद को खेलने से बचने की कोशिश में विकेटकीपर काइल वेरिने को कैच दे बैठे। गेंद उनके ग्लव्स को चूमती हुई विकेटकीपर के दस्तानों में पहुंची। गिल ने कुछ अच्छे शॉट खेले लेकिन यानसन की सीधी गेंद को पूरी तरह से चूककर आउट हो गए।

कोहली अच्छी लय में दिखे, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें साथ नहीं मिला। श्रेयस अय्यर (06) चाय के बाद दूसरे ही ओवर में यानसन की गेंद को विकेटों पर खेल गए। कोहली ने गेराल्ड कोएट्जी की गेंद पर पारी का पहला छक्का मारा और इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में दो चौके मारे।

पहली पारी में शतक मारने वाले केएल राहुल चार रन बनाने के बाद बर्गर की गेंद पर दूसरी स्लिप में ऐडन मार्कराम को कैच दे बैठे। अगली गेंद पर रविचंद्रन अश्विन (00) ने गली में डेविड बेडिंगहम को कैच थमाया जिससे भारत का स्कोर छह विकेट पर 96 रन हो गया। कोहली ने बर्गर पर चौके के साथ 61 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

शार्दुल ठाकुर दो रन बनाने के बाद रबाडा की गेंद पर गली में बेडिंगहम को कैच दे बैठे। जसप्रीत बुमराह (00) कोहली के साथ गलतफहमी का शिकार होकर रन आउट हुए, जबकि बर्गर ने मोहम्मद सिराज (04) को विकेट के पीछे कैच कराया। रबाडा ने यानसन की गेंद पर लांग ऑन पर कोहली का शानदार कैच लपकर दक्षिण अफ्रीका की जीत पक्की की। इससे पहले एल्गर दोहरे शतक से चूक गए लेकिन यानसन के साथ मिलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

एल्गर करियर के पहले दोहरे शतक की ओर बढ़ रहे थे लेकिन शार्दुल (101 रन पर एक विकेट) की लेग साइड की बाउंसर पर प्रहार करने की कोशिश में विकेटकीपर राहुल को कैच दे बैठे। यानसन ने भारतीय गेंदबाजों का आसानी से सामना करते हुए अपने करियर का दूसरा अर्धशतक जड़ा।

सुबह के सत्र में भारतीय गेंदबाजों ने निराश किया। शार्दुल और प्रसिद्ध (93 रन पर एक विकेट) ने एक बार फिर दिशाहीन गेंदबाजी की जिसका फायदा उठाकर एल्गर और यानसन ने आसानी से रन बटोरे। इस जोड़ी ने पुल और कट के अलावा कई अच्छे ड्राइव भी लगाए।

बुमराह (69 रन पर चार विकेट) और सिराज (91 रन पर दो विकेट) दुर्भाग्यशाली रहे। इन दोनों ने सुबह के सत्र में बल्लेबाजों को परेशान किया लेकिन विकेट हासिल करने में नाकाम रहे।

प्रसिद्ध को अच्छी गति और उछाल मिल रही थी लेकिन दिशाहीन गेंदबाजी के कारण गेराल्ड कोएट्जी (19) को भी उनके खिलाफ बाउंड्री लगाने में परेशानी नहीं हुई। अश्विन (41 रन पर एक विकेट) ने कोएट्जी को मिड ऑफ पर सिराज के हाथों कैच कराके भारत को दिन की दूसरी सफलता दिलाई।

इससे पहले यानसन ने सिराज पर लगातार दो चौकों के साथ 87 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। बुमराह ने रबाडा (01) और बर्गर (00) को बोल्ड करके दक्षिण अफ्रीका की पारी का अंत किया। कप्तान तेंबा बावुमा पैर में चोट के कारण बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे।