केपटाउन टेस्ट में जीत के लिए भारत को प्लेइंग इलेवन में करने होंगे बदलाव
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा टेस्ट 3 जनवरी से केपटाउन में खेला जाना है। सीरीज का पहला टेस्ट पारी और 32 रन से हारने के बाद भारत 0-1 से पिछड़ रहा है।
रोहित एंड कंपनी की नजरें केपटाउन टेस्ट में जीत दर्ज कर सीरीज 1-1 की बराबरी पर खत्म करने पर होगी, दक्षिण अफ्रीका भारत का सूपड़ा साफ करना चाहेगा। भारत को यह टेस्ट मैच जीतना है तो उन्हें निश्चित रूप से अपनी प्लेइंग इलेवन में बदलाव करने होंगे।

भारत का परफॉर्मेंस सेंचुरियन टेस्ट में काफी खराब रहा था। दूसरे टेस्ट में इंडिया की प्लेइंग इलेवन में कम से कम 2 बदलाव होने की संभावना है। रविंद्र जडेजा सेंचुरियन टेस्ट में फिट नहीं होने की वजह से खेल नहीं पाए थे, दूसरे टेस्ट से पहले वह सहज दिख रहे हैं और नेट्स में जमकर पसीना बहा रहे हैं।
जडेजा अब किसकी जगह टीम में आते हैं ये देखने वाली बात होगी, कयास लगाए जा रहे हैं कि मुकेश कुमार को भी केपटाउन टेस्ट में मौका मिल सकता है। सबसे पहले बात रविंद्र जडेजा की करते हैं। जडेजा के टीम में आने से भारत की बल्लेबाजी में गहराई आएगी साथ ही उनकी टाइट लाइन और लेंथ की गेंदबाजी अफ्रीकी बल्लेबाजों को परेशान कर सकती है।
क्रिकेट के गलियारों में खबरें है कि भारत अश्विन की जगह जडेजा को टीम में शामिल कर सकता है, मगर रोहित ये गलती नहीं करेंगे। केपटाउन की पिच स्पिन फ्रैंडली है, ऐसे में रोहित अश्विन और जडेजा दोनों को प्लेइंग इलेवन में शामिल कर सकते हैं।
ऐसे में फिर सवाल उठता है कि अगर अश्विन बाहर नहीं जाएंगे तो कौन टीम से आउट होगा? ये गाज पिछले मैच में डेब्यू करने वाले प्रसिद्ध कृष्णा पर गिर सकती है। कृष्णा ने पहले टेस्ट में काफी साराधरण गेंदबाजी की, उन्होंने 20 ओवर में 93 रन खर्च कर एक विकेट लिया।
बात प्लेइंग इलेवन में दूसरे बदलाव की करें तो शनिवार को खबर आई थी कि नेट्स सेशन के दौरान शार्दुल ठाकुर के कंधे में चोट लग गई थी, वहीं उनका भी प्रदर्शन सेंचुरियन टेस्ट में खास नहीं रहा था।
ऐसे में भारत केपटाउन में तीसरे स्पेशलिस्ट तेज गेंदबाज मुकेश कुमार के साथ जा सकता है। अब देखना होगा कि तीन जनवरी को शार्दुल ठाकुर की फिटनेस कैसी है और रोहित इस पर क्या फैसला लेते हैं।