Trending

आईसीसी के वर्ष के सर्वश्रेष्ठ टी-20 क्रिकेटर के नामांकन में सूर्यकुमार यादव शामिल

स्टार भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव आईसीसी के पुरुष टी-20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर के लिए चार नामांकन में शामिल किया गया है। इस 33 वर्षीय खिलाड़ी ने 2022 में यह पुरस्कार जीता था। 2023 में सूर्यकुमार ने दबदबा बनाते हुए 17 पारियों में 48.86 के औसत और 155.95 के स्ट्राइक रेट से 733 रन बनाए हैं।

इस पुरस्कार के नामांकन में तीन अन्य खिलाड़ी जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा (11 पारियों में 515 रन, 17 विकेट), यूगांडा के अल्पेश रामजानी (55 विकेट) और न्यूजीलैंड के मार्क चैपमैन (17 पारियों में 556 रन) शामिल हैं।

सूर्यकुमार ने 2023 का आगाज श्रीलंका के खिलाफ सात रन से की, अगले दो मैच में 51 (36 गेंद) और नाबाद 112 (51 गेंद) रन की पारियां खेलीं। सूर्यकुमार की 51 गेंद में नाबाद 112 रन की पारी में नौ छक्के और सात चौके जड़े थे जिससे उन्होंने लगभग तीन गेंद में एक बार बाउंड्री लगाई।

इससे वह भारत के लिए टी-20 में रोहित शर्मा के बाद दूसरे सबसे तेज शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए। कप्तानी के बोझ के बावजूद सूर्यकुमार के बल्ले से रन निकलने जारी रहे। उन्होंने साल के अंत में युवा भारतीय टीम की जिम्मेदारी संभाली थी।