यू मुंबा के डिफेंडर बिट्टू ने मौके का उठाया पूरा फायदा
यू मुंबा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रो कबड्डी लीग सीजन 10 में पांचवीं जीत हासिल की। बेंगलुरु बुल्स के खिलाफ मैच में पीकेएल में डेब्यू करने वाले डिफेंडर बिट्टू 6 टैकल अंक के साथ स्टार खिलाड़ी थे।
डिफेंडर के प्रदर्शन के बारे में यू मुंबा के मुख्य कोच घोलमरेज़ा माज़ंदरानी ने कहा, बिट्टू एक कुशल खिलाड़ी है और उसे खेलने का मौका चाहिए था। उसने अपने अवसर को दोनों हाथों से भुनाया है। मैंने सीज़न से पहले बोला था कि हमारे पास यू मुंबा प्रशंसकों के लिए कुछ आश्चर्य हैं। हमारे पास कुछ अच्छी प्रतिभाएं हैं। मुझे उम्मीद है कि वे प्रो कबड्डी लीग में स्टार बनेंगे।

उन्होंने आगे कहा, अगर मैच में हमारे पास 14-15 अंकों की बढ़त है तो हम 2-3 मिनट के लिए नए प्लेयर्स को आजमाएंगे, जैसा कि हमने बेंगलुरु बुल्स के खिलाफ किया था। नए प्लेयर्स को हमारी योजनाओं के साथ तालमेल बिठाने में कुछ समय लगेगा।
इस सीज़न में सुरिंदर सिंह की अगुवाई के बारे में मुख्य कोच ने कहा, वह एक अच्छे कप्तान हैं और वह मैच को अच्छी तरह से समझते हैं। वह जानते हैं कि हर तरह की मैच स्थिति में क्या करने की आवश्यकता है। यू मुंबा टीम के सभी सदस्यों के साथ उनका अच्छा तालमेल है।

सुरिंदर सिंह ने बुल्स के खिलाफ टीम के समग्र प्रदर्शन के बारे में बात की, उन्होंने कहा, हम जीत के साथ अपने घरेलू चरण की शुरुआत करके खुश हैं। टीम ने इस खेल के लिए बनाई गई योजनाओं के अनुसार खेला। हम आगे बाकी मैचों में इसी तरह खेलना जारी रखेंगे। यू मुंबा का अगला मैच शनिवार को मुंबई में जयपुर पिंक पैंथर्स से होगा।