Trending

ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटर एलिस पैरी के 300 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्टार हरफनमौला खिलाड़ी एलिस पैरी को 300 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के लिए बधाई दी है और उन्हें युवा पीढ़ी के लिए आदर्श बताया है।

पैरी ने रविवार को मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारत के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय के दौरान यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। उन्होंने इस मैच में नाबाद 34 रन बनाये जिससे ऑस्ट्रेलिया ने छह विकेट से जीत दर्ज करके सीरीज 1-1 से बराबर की।

@cricketaustralia

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ निक हॉकले ने एक बयान में कहा, ‘‘एलिस पैरी को 300वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलने के लिए बधाई। उन्होंने कहा, ‘‘एलिस खेल में अब तक के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर में से एक है और खेल खेलने के इच्छुक युवाओं के लिए सबसे प्रेरणादायक आदर्श हैं।

जुलाई 2007 में 16 साल की उम्र में न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाली पैरी छह टी20 विश्व कप खिताब, दो एकदिवसीय विश्व कप खिताब और राष्ट्रमंडल खेल में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा रह चुकी हैं।

@cricketaustralia

हॉकले ने कहा, ‘‘वह ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रही हैं जो ऑस्ट्रेलियाई खेल इतिहास की सबसे सफल टीमों में से एक है। उन्होंने कहा, ‘‘यह एलिस का पेशेवरपन और एलीट स्तर पर निरंतर प्रदर्शन का प्रमाण है कि उन्हें हाल में आईसीसी की साल की सर्वश्रेष्ठ महिला टी20 क्रिकेटर के लिए नामित किया गया है।

ऑस्ट्रेलिया के लिए तीनों प्रारूपों में पैरी ने सर्वाधिक 323 विकेट चटकाए हैं, वह देश के लिए 6,585 रन बनाकर मेग लेनिंग के बाद दूसरी सबसे सफल बल्लेबाज हैं। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक हजार रन और सौ विकेट की उपलब्धि हासिल करने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी थीं।