आईटीएफ महिला ओपन में सीधी इंट्री वाली अंकिता रैना एकमात्र भारतीय
एशियाई खेल की कांस्य पदक विजेता अंकिता रैना एकमात्र भारतीय हैं जिन्हें यहां कर्नाटक राज्य लॉन टेनिस संघ की मेजबानी में 14 जनवरी से होने वाले केपीबी ट्रस्ट आईटीएफ महिला ओपन के लिए सीधी एंट्री मिली है।
पिछले साल की उप विजेता और एकल में दुनिया की 208वें नंबर की खिलाड़ी अंकिता मुख्य वर्ग में एंट्री लेने वाली 20 प्लेयर्स में हैं। चार प्लेयर्स को वाइल्ड कार्ड दिया जाएगा, आठ खिलाड़ी क्वालीफायर के जरिए मुख्य ड्रॉ में जगह बनाएंगी।

एकल मुख्य ड्रॉ में भारत की 10 खिलाड़ी खेल सकती हैं। अंकिता के अलावा मेजबान देश की चार प्लेयर्स को वाइल्ड कार्ड मिला है, पांच खिलाड़ी क्वालीफायर के जरिए मुख्य ड्रॉ में जगह बना सकती हैं। क्वालीफायर 14 और 15 जनवरी को होंगे।
स्थानीय खिलाड़ी सोहा सादिक (एकल रैंकिंग 823) और सुहिता मारुरी (एकल रैंकिंग 1239) वाइल्ड कार्ड पाने वाली भारतीय प्लेयर्स में हैं। लात्विया की दार्जा सेमेनिस्ताजा 143वीं एकल रैंकिंग के साथ शीर्ष रैंकिंग वाली खिलाड़ी हैं।
यह टूर्नामेंट का तीसरा सत्र होगा जो पहली बार दूधिया रोशनी में खेला जाएगा। फाइनल 21 जनवरी को होंगे। टूर्नामेंट की कुल इनामी राशि 40 हजार डॉलर है और विजेता को 50 डब्ल्यूटीए अंक भी मिलेंगे।