भारत के खिलाफ पहली जीत पर होगी अफगानिस्तान की निगाहें
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला टी-20 मोहाली के IS बिंद्रा स्टेडियम में आज शाम 7:00 बजे से शुरू होगा। टॉस शाम 6 :30 बजे होगा। इस वर्ष भारत का यह पहला टी-20 होगा।
भारत के लिए सीरीज टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के लिहाज से अहम है। टूर्नामेंट से पहले भारत की यह आखिरी टी-20 सीरीज है। भारत इंग्लैंड से 5 टेस्ट खेलेगा और आईपीएल शुरू हो जाएगा। आईपीएल के मई के तीसरे सप्ताह तक चलने की उम्मीद है। टूर्नामेंट के ठीक बाद एक जून से ही वेस्टइंडीज और अमेरिका में टी-20 वर्ल्ड कप भी शुरू हो जाएगा।

यह पहली बार है जब दोनों टीमों के बीच बाइलैटरल टी-20 सीरीज होगी। टी-20 फॉर्मेट में भारत और अफगानिस्तान के बीच 5 मैच हुए हैं। 4 भारत ने जीते, एक मुकाबला बेनतीजा रहा। ये सभी मुकाबले टी-20 वर्ल्ड कप और एशिया कप में खेले गए।
कप्तान रोहित शर्मा के साथ यशस्वी जायसवाल पारी की शुरुआत करेंगे, शुभमन गिल नंबर-3 पर बैटिंग करेंगे। विराट कोहली पर्सनल कारणों से पहला टी-20 नहीं खेलेंगे। सूर्यकुमार यादव पिछले साल टीम के टॉप रन स्कोरर रहे, वे चोट की वजह से सीरीज नहीं खेल रहे। दूसरे नंबर पर यशस्वी जायसवाल हैं।
2023 में टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट अर्शदीद सिंह ने लिए, उनके नाम 26 विकेट रहे। अफगानिस्तान की कमान इब्राहिम जादरान संभालेंगे। टीम के लिए साल 2023 में रहमानुल्लाह गुरबाज ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उनके नाम 288 रन रहे। टॉप विकेट टेकर की लिस्ट में कैस अहमद पहले नंबर पर हैं, उन्होंने 6 मैच में 11 विकेट लिए।
अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली इस सीरीज का पहला मुकाबला नहीं खेलेंगे। वे दूसरे और तीसरे टी-20 के लिए उपलब्ध रहेंगे। बुधवार को भारतीय टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने मोहाली में यह जानकारी दी। द्रविड़ ने कहा- ‘विराट निजी कारणों की वजह से पहले मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
अफगानिस्तान के स्टार ऑलराउंडर राशिद खान भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी पीठ की चोट दोबारा उभर आई है। राशिद ने 2 महीने पहले सर्जरी कराई थी। मोहाली स्टेडियम की पिच पर बल्लेबाजों का बोलबाला रहता है, जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ता है, पेसर्स को मदद मिलने लगती है। PCA स्टेडियम में कुल 6 टी-20 खेले गए।
पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 2 और चेज करने वाली टीम ने 4 मैच जीते। मैदान पर हाईएस्ट टीम स्कोर 211 है, जो ऑस्ट्रेलिया ने 2022 में भारत के खिलाफ बनाया था।
मोहाली में गुरुवार को मौसम साफ रहेगा है। यहां बारिश के आसार नहीं हैं, ठंड काफी रहेगी। हवा की रफ्तार 9 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहेगी। रात का टेम्परेचर 8 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
रोहित आज सबसे ज्यादा टी-20 इंटरनेशनल रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बन सकते हैं। रोहित के 51 टी-20 में 1527 रन हैं। उनसे आगे विराट कोहली हैं, जिन्होंने बतौर कप्तान 50 टी-20 में 1570 रन बनाए हैं। यानी रोहित को विराट से आगे निकल कर पहले नंबर पर आने के लिए 44 रन की जरूरत है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, जितेश शर्मा/संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रवि बिश्वोई/अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मुकेश कुमार और आवेश खान
अफगानिस्तान : इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह ओमरजई, करीम जनत/हजरतुल्लाह जजई, नजीबुल्लाह जादरान, मोहम्मद नबी, नवीन-उल-हक, गुलबदीन नायब, फजलहक फारूकी, मुजीब उर रहमान और नूर अहमद