Trending

आईटीएफ मांड्या ओपन : माधविन और सिद्धार्थ अंतिम आठ में, शशिकुमार की हार

चौथे वरीय शशिकुमार मुकुंद को अपनी गलतियों के चलते पीईटी आईटीएफ मांड्या ओपन टेनिस टूर्नामेंट से बाहर हो गए, क्वालीफायर माधविन कामत और गैरवरीय सिद्धार्थ विश्वकर्मा ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाकर भारत की उम्मीद जीवंत रखी।

भारत के शीर्ष रैंकिंग के खिलाड़ी शशिकुमार को कई मौके गंवाने की वजह से नीदरलैंड के गैरवरीय खिलाड़ी जेले सैल्स के खिलाफ 6-2, 6-7 (3), 3-6 से हार मिली।

कामत के प्रतिद्वंद्वी कोरिया के युनसियोक जैंग पैर की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण 4-6, 7-5, 3-2 के स्कोर पर मैच से हट गए जिससे भारतीय खिलाड़ी ने अंतिम आठ में जगह बनाई। सिद्धार्थ ने मनीष सुरेश कुमार को 7-5, 6-4 से हराया।

मनीष ने इससे पहले टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर किया जब उन्होंने खराब रोशनी के कारण कल स्थगित हुए पहले दौर के मैच में ब्रिटेन के दूसरे वरीय जाइल्स हसी को 6-7 (4), 6-1, 6-1 से हराया।

करण सिंह क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने वाले तीसरे भारतीय रहे। उन्होंने हमवतन इशाक इकबाल को 3-6, 6-4, 6-2 से हराया। वह अगले दौर में दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष वरीय क्रिस वान विक से भिड़ेंगे जिन्होंने स्थानीय दावेदार मनीष गणेश को 6-0, 6-4 से हराया।