पहला टी-20 : अफगानिस्तान ने दिया 159 रन का टारगेट, जाने मैच का ताजा हाल
मोहम्मद नबी और युवा अजमतुल्लाह ओमरजई के बीच 43 गेंद में 68 रन की साझेदारी से अफगानिस्तान ने यहां तीन मैच की सीरीज के पहले टी20 में भारत के खिलाफ पांच विकेट पर 158 रन बनाये।
जवाब में भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए समाचार लिखे जाने तक 13.1 ओवर मे 3 विकेट पर 113 रन बना लिए थे और मेजबान को जीत के लिए 41 गेंदों पर 46 रन की दरकार है।
भारत के पावरप्ले में दबदबे के बाद नबी (27 गेंद में 42 रन) और ओमरजई (22 गेंद में 29 रन) ने चौथे विकेट के लिए साझेदारी निभाकर अपनी टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभायी।

भारत ने पीसीए स्टेडियम में शीतलहर के बीच 10 ओवर में अफगानिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 57 रन कर दिया था। रहमनुल्लाह गुरबाज (28 गेंद में 23 रन) और कप्तान इब्राहिम जदरान (22 गेंद में 25 रन) पावरप्ले में चार बाउंड्री ही लगा सके।
मैच शुरू होने में कुछ मिनट की देरी हुई क्योंकि साइटस्क्रीन से चमचमाती नीली रोशनी से गुरबाज का ध्यान भंग हो रहा था। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने मेडन ओवर से पारी की शुरूआत की जिसके बाद चौथे ओवर से ही स्पिनरों को गेंदबाजी पर लगा दिया गया।
अक्षर पटेल ने भारत के लिए बेहतरीन गेंदबाजी की और चार ओवर में 23 रन देकर दो विकेट झटके। गुरबाज ने पटेल की गेंद पर छक्का जड़ा और इस गेंदबाज ने अगली ही गेंद पर उन्हें स्टंप आउट करा दिया।
इब्राहिम जदरान आउट होने वाले दूसरे खिलाड़ी रहे जो शिवम दूबे की गेंद को स्मैश करने के प्रयास में कवर में सीधे कप्तान रोहित के हाथों कैच आउट हुए। यह उनके पहले स्पैल की दूसरी ही गेंद थी।
अफगानिस्तान के लिए 106 वनडे खेलने के बाद अपना टी20 डेब्यू करने वाले रहमत शाह (03) पटेल की गेंद पर आउट हो गये। अफगानिस्तान को साझेदारी की जरूरत थी जो अनुभवी नबी ने ओमरजई के साथ मिलकर बनायी।
शीर्ष क्रम स्ट्राइक रोटेट करने में जूझ रहा था, नबी और ओमरजई ने दिखाया कि टी20 पारी को आगे कैसे बढ़ाया जाये। दोनों ने रवि बिश्नोई और मुकेश कुमार को निशाना बनाया।
नबी ने मुकेश पर लगातार छक्के जड़े। उन्होंने पहले एक्स्ट्रा कवर पर और मिड विकेट पर दूसरा छक्का जड़ा। नजीबुल्लाह जदरान (11 गेंद में नाबाद 19 रन) और करीम जनत (पांच गेंद में नाबाद 09 रन) ने स्कोर 150 रन के पार कराया। भारत ने मोहाली की कड़कड़ाती सर्दी में तीन कैच छोड़े। यशस्वी जायसवाल ‘ग्रोइन’ चोट के कारण चयन के लिए अनुपलब्ध थे।