रणजी ट्रॉफी : चोटिल तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को लगा झटका
प्रमुख भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा रणजी ट्रॉफी में चोटिल हो गए हैं। इस वजह से उन्हें अहमदाबाद में गुजरात के खिलाफ मैच को बीच में छोड़ना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने वाले प्रसिद्ध कृष्णा दौरा खत्म होने के बाद कर्नाटक के लिए रणजी मैच खेल रहे थे।
शुक्रवार को प्रसिद्ध ने रणजी ट्रॉफी के दूसरे राउंड के पहले दिन 14.5 ओवर गेंदबाजी की। वह 2 विकेट ले चुके थे, तभी उन्हें क्वाड्रिसेप्स इंजरी हुई और उन्हें बाहर जाना पड़ा। माना जा रहा है कि उन्हें ठीक होने में कम से कम एक महीने का समय लग जाएगी। इसी कारण शुक्रवार देर रात इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में भी उन्हें जगह नहीं मिली।

कर्नाटक टीम का फिजियो स्टाफ इस वक्त प्रसिद्ध कृष्णा की देखरेख कर रहा है। प्रसिद्ध कृष्णा बीसीसीआई के कॉन्ट्रैक्टेड प्लेयर हैं और इसी वजह से वह इंडिया-ए के सपोर्ट स्टाफ की मदद ले सकते हैं। इंडिया-ए इस वक्त इंग्लैंड लायंस के खिलाफ अहमदाबाद में ही मैच खेल रही है। गुजरात-कर्नाटक का रणजी मैच भी अहमदाबाद के ही दूसरे ग्राउंड पर खेला जा रहा है।
गुजरात ने पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए कर्नाटक के खिलाफ 264 रन बनाए। गुजरात की ओर से सबसे ज्यादा रन क्षितिज पटेल ने बनाए। उन्होंने 161 गेंदों का सामना करते हुए 95 रन बनाए। उमंग कुमार ने 143 गेंद का सामना कर 72 रन बनाए। गुजरात के कप्तान चिंतन गाजा ने 92 गेंदों में 45 रन बनाए।
कर्नाटक की ओर से वासुकी कौशिक ने 20 ओवर में 49 रन देकर 4 विकेट लिए। वहीं विजय वैशाक, रोहित कुमार और प्रसिद्ध कृषणा को 2-2 विकेट सफलताएं मिलीं।