Trending
ओलंपिक क्वालीफायर : जर्मनी ने चिली को 3-0 से दी मात
एफआईएच महिला ओलंपिक हॉकी क्वालीफायर में खिताब के प्रबल दावेदार जर्मनी ने दमदार आगाज किया। विश्व में पांचवें नंबर की टीम जर्मनी ने पूल बी के शुरुआती मैच में चिली को 3-0 से मात देकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।
सेलिन ओरुज (7वें मिनट), जेटे फ्लेस्कट्ज (10वें) और लिसा नोल्टे (38वें) के गोल से दुनिया की 14वें नंबर की टीम चिली पर आसान जीत दर्ज की। जर्मनी ने अधिकतर समय दबदबा बनाए रखा। चिली टीम टुकड़ों में ही अच्छा प्रदर्शन कर पाई।

जर्मनी ने दूसरे मिनट में ही पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया, वह इसका फायदा नहीं उठा पाया। हालांकि, ओरुज ने दूसरे पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। तीन मिनट बाद फ्लेस्कट्ज ने मैदानी गोल दागा। चिली ने दो पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए, उनका फायदा नहीं उठा पाया। अंत में नोल्टे ने मैदानी गोल करके जीत पक्की की।