Trending

दूसरा टी-20 : विराट की 14 माह बाद वापसी, भारतीय टीम की सीरीज जीतने पर निगाह

पहले मैच में 6 विकेट की जीत के बाद भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ रविवार 14 जनवरी को होने वाले दूसरे टी20 के लिए पूरी तरह से तैयार है. तीन मैचों की सीरीज में पहले ही 1-0 की बढ़त बना चुकी मेजबान टीम इंदौर में होने वाले इस मैच के लिए वहां पहुंच चुकी है.

इस मैच से 14 महीने बाद स्टार बल्लेबाज विराट कोहली टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे. अफगानिस्तान टीम पहले मैच की गलतियों से सीख लेकर भारत पर जीत के साथ सीरीज को 1-1 से बराबर करने की कोशिश में उतरेगी.

साभार : गूगल

ऐसे में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर हो सकती है. दोनों टीमों के बीच अभी तक छह टी20 हुए हैं, जिसमें पांच जीत के साथ भारत अजेय रहा है. एक मैच बेनतीजा रहा है.

बता दें कि, कोहली के आने से टीम इंडिया में कुछ बदलाव हो सकते हैं. मोहली में ओपनिंग करने वाले शुभमन गिल को बाहर बैठना पड़ सकता है क्योंकि यशस्वी जायसवाल दूसरे मैच के लिए पूरी तरह से फिट हैं. तीसरे नंबर पर कोहली खेलेंगे, ऐसे में तिलक वर्मा को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलने की संभावना कम है.

आवेश खान को उनके घरेलू मैदान पर खेलने का मौका मिल सकता है. कप्तान रोहित शर्मा तीन की जगह दो स्पिन गेंदबाजों के साथ मैच में उतर सकते हैं. कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. टीम इंडिया के पास जून में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले अपने संयोजन को आजमाने के लिए सिर्फ दो अंतरराष्ट्रीय मैच बचे हैं.

मोहली में हुए पहले मैच में अफगानिस्तान अच्छी शुरुआत के बावजूद पांच विकेट पर 158 रन ही बना सकी. टीम को मध्यक्रम के बल्लेबाजों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी. मोहम्मद नबी पहले टी20 की तरह इंदौर में बल्ले से अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे.

रहमानुल्लाह गुरबाज को भारत के खिलाफ अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलना होगा. पिछले मैच में मुजीब उर रमान को छोड़ दिया जाए तो अफगानिस्तान के अन्य कोई भी गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों को परेशानी में नहीं डाल पाए. उन्हें अपने स्टार स्पिनर राशिद खान की कमी खली. इंदौर में अफगानी टीम को अपने क्षेत्ररक्षण में भी सुधार करनी होगी.