सात्विक-चिराग मलेशिया ओपन में उपविजेता, अब इंडिया ओपन के लिए तैयार
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी मलेशिया ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष युगल के फाइनल में चीन के लियांग वेई केंग और वांग की विश्व में नंबर वन जोड़ी से हार गए और इस तरह से उन्हें उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।
दोनों जोड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, एशियाई खेल में स्वर्ण पदक जीतने वाली इस जोड़ी ने पहला गेम जीतने और निर्णायक गेम में 11-7 की बढ़त का फायदा नहीं उठा सकी और अंत में उन्हें लियांग और वांग से 21-9, 18-21, 17-21 से हार मिली।

सात्विक ने मैच के बाद कहा,‘‘हमें खुशी है कि आखिर में हम किसी टूर्नामेंट में खेल पाए, थोड़ी निराशा है क्योंकि हम दबाव झेलने में नाकाम रहे। उन्होंने कहा,‘‘मैच जब निर्णायक मोड़ पर था तब हम पर उनकी तुलना में अधिक दबाव था और हमने गलतियां की। उन्होंने हम पर दबाव बनाए रखा।
उम्मीद है कि अगली बार हम उनसे बदला चुकता करने में कामयाब रहेंगे। भारतीय जोड़ी की लियांग और वांग के हाथों यह चौथी हार है। यह दोनों जोड़ियां पिछले साल चार बार टक्कर हुई थी जिनमें चीन की जोड़ी तीन मैच जीतने में सफल रही थी। सात्विक और चिराग ने कोरिया ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट में अपनी इस प्रतिद्वंद्वी टीम को मात दी थी।
सात्विक और चिराग ने पहले गेम में शुरू से अपना दबदबा बनाया था और इंटरवल तक उसको सात अंक की बढ़त मिली थी। भारतीय जोड़ी ने अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखा और पहला गेम आसानी से जीता।
चीन की जोड़ी ने दूसरे गेम में अच्छी वापसी की और उसने 8-2 से बढ़त हासिल कर ली। लियांग और वांग इंटरवल तक 11-6 से आगे थे।
भारतीय जोड़ी ने वापसी की कोशिश में कुछ गलतियां की जिसका फायदा उठाकर चीन की जोड़ी ने यह गेम जीत कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। सात्विक और चिराग ने तीसरे और निर्णायक गेम में शानदार शुरुआत की और एक समय वह 10-3 से आगे थे।
लियांग और वांग ने पहले स्कोर 12-12 से बराबर किया और पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने चार चैंपियनशिप प्वाइंट मिले, जिनमें से भारतीय खिलाड़ी एक का ही बचाव कर पाए। सात्विक और चिराग अब मंगलवार से नई दिल्ली में शुरू होने वाले इंडिया ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट में भाग लेंगे।