दूसरा टी20 : भारत की जीत में यशस्वी व शिवम का कमाल
यशस्वी जायसवाल (68 रन) और शिवम दुबे (नाबाद 63 रन) के अर्धशतकों से भारत ने दूसरे टी20 में यहां अफगानिस्तान को 26 गेंद शेष रहते हुए छह विकेट से मात देकर तीन मैच की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बनाई।
अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद निर्धारित 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 172 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारत ने 15.4 ओवर में चार विकेट पर 173 रन बनाकर जीत दर्ज की। तीसरा और अंतिम मैच 17 जनवरी को बेंगलुरु में होगा।
अफगानिस्तान को छह विकेट से मात दीेकर सीरीज में हासिल की 2-0 की अजेय बढ़त

जायसवाल ने 34 गेंद पर पांच चौकों और छह छक्कों से 68 रन बनाए, दुबे ने 32 गेंद पर नाबाद 63 रन की पारी खेली जिसमें पांच चौके और चार छक्के हैं। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी की।
अफगानिस्तान की तरफ से गुलबदीन नैब ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंद पर 57 रन की पारी खेली, अगर अफगानिस्तान अंतिम चार ओवर में 55 रन जुटाने में सफल रहा तो उसका श्रेय नजीबुल्लाह जादरान (21 गेंद पर 23 रन), मुजीब उर रहमान (नौ गेंद पर 21 रन) और करीम जनत (10 गेंद पर 20 रन) को जाता है।
भारत की तरफ से तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने 32 रन देकर तीन विकेट लिए। बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल ने किफायती गेंदबाजी करके चार ओवर में 17 रन देकर दो विकेट झटके। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा अपने 150वें टी20 को यादगार नहीं बना पाए और पारी के पहले ओवर में ही फजलहक फारुकी की गेंद पर बोल्ड होकर बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।
इस तेज गेंदबाज ने अपने अगले ओवर में जायसवाल का कैच छोड़ा। भारत के सलामी बल्लेबाज ने इस ओवर में दो छक्के लगाकर अपने तेवर दिखाये। जायसवाल ने स्पिनर मुजीब का स्वागत लगातार तीन चौके जड़कर किया, पिछले 14 महीने में अपना पहला टी20 खेल रहे विराट कोहली (16 गेंद पर 29 रन) अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए।
उन्होंने तेज गेंदबाज नवीन उल हक की गेंद पर मिड ऑफ पर कैच दिया जिससे जायसवाल के साथ उनकी दूसरे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी का भी अंत हुआ।
जायसवाल ने दुबे के साथ मिलकर लंबे शॉट खेल कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 27 गेंद पर अपने करियर का चौथा अर्धशतक पूरा किया।
दुबे ने मोहम्मद नबी के इस ओवर में लगातार तीन छक्के लगाए। इससे भारत का स्कोर 10 ओवर के बाद दो विकेट पर 116 रन हो गया। जायसवाल ने नूर अहमद पर दो छक्के लगाए, दुबे ने नवीन पर तीन चौके जमाकर केवल 22 गेंद पर अपना तीसरा अर्धशतक पूरा किया।
करीम जनत (दो ओवर में 13 रन देकर दो विकेट) ने अगले ओवर में जायसवाल और उनकी जगह लेने के लिए उतरे जितेश शर्मा (00) को आउट किया।
दुबे ने रिंकू सिंह (नाबाद 09) के साथ मिलकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और पहले सात ओवर के अंदर अफगानिस्तान के तीन विकेट निकालकर उसे दबाव में ला दिया।
रोहित ने तीसरे ओवर में ही लेग स्पिनर रवि बिश्नोई (39 रन देकर दो) को आक्रमण पर लगाया और उन्होंने अपनी दूसरी गेंद पर रहमनुल्लाह गुरबाज (14) को मिड ऑन पर कैच करा कर अपने कप्तान का फैसला सही साबित किया।
गुलबदीन ने आते ही आक्रामक रवैया अपनाया। उन्होंने तेज गेंदबाज मुकेश कुमार पर दो चौके जड़ने के बाद अगले ओवर में बिश्नोई की पहली तीन गेंद को छक्के और दो चौकों के लिए भेजा। इससे अफगानिस्तान पावर प्ले में दो विकेट पर 58 रन बनाने में सफल रहा। उसने इस बीच इब्राहिम जादरान (08) के रूप में दूसरा विकेट गंवाया, जिन्हें अक्षर ने बोल्ड किया।
शिवम दुबे ने गेंद थामते ही अजमतउल्लाह उमरजई (02) को पवेलियन की राह दिखाई इससे अफगानिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 60 रन हो गया। गुलबदीन ने शिवम के अगले ओवर में दो छक्के लगाए और फिर 28 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया।
उनकी पारी का अंत अक्षर ने किया। गुलबदीन ने उनकी गेंद स्वीप करने के प्रयास में मिड विकेट पर रोहित को आसान कैच दिया। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और चार छक्के लगाए।
भारतीय गेंदबाजों ने अफगानिस्तान के बल्लेबाजों को खुलकर नहीं खेलने दिया। पहले मैच में आक्रामक पारी खेलने वाले मोहम्मद नबी 18 गेंद पर 14 रन बनाकर बिश्नोई के शिकार बने।
नजीबुल्लाह ने बिश्नोई के आखिरी ओवर में दो छक्के लगाकर उनका गेंदबाजी विश्लेषण बिगाड़ा। वह अगले ओवर में अर्शदीप सिंह की गेंद को पुल करने के प्रयास में विकटों पर खेल गए। अर्शदीप के पारी के अंतिम ओवर में चार विकेट गिरे जिसमें दो रन आउट हुए।