Trending

परिवहन सुविधाओं का विस्तार कर रही योगी सरकार, शाहजहांपुर में नए बस अड्डे का होगा शिलान्यास

लखनऊ। प्रदेश में परिवहन सुविधाओं को विस्तार कर रही योगी सरकार शाहजहांपुर में नए बस अड्डे का शिलान्यास करने जा रही है। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि इस बस अड्डे का निर्माण शाहजहांपुर के अहमदपुर न्यासपुर में नए बाईपास के निकटवर्ती मैदान में किया जाएगा। इस बस अड्डे से हरदोई, सीतापुर, जलालाबाद, फर्रुखाबाद, बरेली एवं दिल्ली, उत्तराखण्ड सहित लंबी दूरी की बसें संचालित होगी। अभी तक इन क्षेत्रों के लिए पुराने बस अड्डे से बसें संचालित होती थी, जो कि शहर से होकर गुजरती थी। शहर के अंदर से इन रूटों की बसों के आने जाने के कारण आमजन को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता था। नए बस अड्डे के संचालित होने के उपरांत इन क्षेत्रों की बसों का संचालन पुराने बस अड्डे से न होकर नए बस अड्डे से होगा। उन्होंने बताया कि नए बस अड्डे से बसों के संचालन से जहां एक ओर यात्रियों को सुविधा होगी, वहीं शहर को ट्रैफिक जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी।