Trending

पीकेएल 10 : होम लेग में तीसरी जीत से जयपुर पिंक पैंथर्स शीर्ष पर

जयपुर पिंक पैंथर्स ने यहां जयपुर के सवाई मानसिंह इंडोर स्टेडियम में हुए प्रो कबड्डी लीग इतिहास के 1001वें मैच में यू मुंबा को 2 प्वॉइंट से हराया। अर्जुन देशवाल और वी अजीत कुमार के शानदार खेल से जयपुर ने यू मुंबा को लीग के 10वें सीजन के 74वें मैच में यू मुंबा को 31-29 से मात देकर अपने होम लेग में तीसरी जीत दर्ज कर ली।

मेजबान जयपुर के लिए अर्जुन देशवाल ने 11 और अजीत कुमार ने सात अंक लिए। यू मुंबा से गुमान सिंह ने सुपर-10 लगाया। 13 मैचों में नौवीं जीत के बाद जयपुर पिंक पैंथर्स 53 अंक लेकर तालिका में पहले नंबर पर आ गई है।

@prokabaddi

यू मुंबा को 12 मैचों में पांचवीं हार का मुंह देखना पड़ा है और टीम 36 अंकों के साथ सातवें नंबर पर है। टीम को पिछले चार मैचों से जीत नहीं मिली है। मैच की पहली रेड यू मुंबा के गुमान सिंह ने सुपर रेड के साथ की और टीम ने पहले पांच मिनट के खेल में एक प्वॉइंट की लीड कायम रखी।

गुमान के दमदार खेल के दम पर मुंबा टीम शुरुआती 10 मिनट तीन अंकों से आगे हो गई। जयपुर पिंक पैंथर्स लगातार अंक लेते हुए खुद को मुकाबले में बनाए हुई थी। 15वें मिनट में आमिर मोहम्मद जफरदानेश ने सुपर रेड लगाकर यू मुंबा को चार अंक की बढ़त दिलाई।

मुंबा ने स्कोर को 12-8 कर दिया। अर्जुन देशवाल के शानदार प्रदर्शन से जयपुर पिंक पैंथर्स लगातार अच्छा कर रही थी। इसके बाद यू मुंबा टीम हाफ टाइम तक 14-13 से आगे थी। पहले हाफ में अर्जुन के खाते में छह और गुमान के खाते में चार प्वॉइंट थे।

दूसरे हाफ के शुरू होने के बाद वी अजीत कुमार ने सुपर रेड के साथ तीन अंक हासिल कर लिए जयपुर पिंक पैंथर्स को मुकाबले में आगे किया। जयपुर के लगातार बेहतर खेल के कारण यू मुंबा टीम ऑल आउट की कगार पर पहुंच चुकी थी। मुंबा ने हालांकि 30वें मिनट में 24-24 की बराबरी बना ली।

दोनों टीमें लगातार बराबरी पर खेल रही थी। मुंबा के लिए गुमान सिंह ने अपना सुपर-10 लगा दिया। 33वें मिनट में पिंक पैंथर्स ने सुपर टैकल करके दो अंक और जुटा लिए।

दो मिनट बाद ही जयपुर ने तीन प्वॉइंट की लीड ले ली। हैदरअली ने सुपर रेड लगाकर जयपुर की लीड को एक प्वॉइंट पर सीमित कर दिया। मैच समाप्त होने से दो मिनट पहले तक मेजबान टीम के पास दो अंकों की बढ़त थी। अर्जुन ने अपना सुपर-10 पूरा कर लिया।

जयपुर ने अंतिम मिनट में दो अंकों की अपनी लीड को कायम रखते हुए अपने होम लेग में लगातार तीसरा मैच जीत लिया। पिंक पैंथर्स ने यू मुंबा को 31-29 से हराकर अंकतालिका में पहला स्थान भी हासिल कर लिया।