राष्ट्रीय खेल : इन 11 प्रतिभागी खिलाड़ियों पर कम हुआ डोपिंग बैन
पिछले साल गोवा राष्ट्रीय खेल में हिस्सा लेने वाले 11 प्लेयर्स को डोपिंग आरोप तुरंत स्वीकार करने के चलते राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने उनका प्रतिबंध घटाकर तीन साल कर दिया है।
इन प्लेयर्स में ट्रैक एवं फील्ड के तीन एथलीट कमलजीत कौर (100 मीटर और 200 मीटर), अजय कुमार (5000 मीटर और 10000 मीटर) और हरजोधवीर सिंह (5000 मीटर और 10000 मीटर) भी हैं, जिन्होंने 25 अक्टूबर से 9 नवंबर तक गोवा में राष्ट्रीय खेल में हिस्सा लिया था।

नाडा ने अपनी नवीनतम सूची में उन प्लेयर्स के नाम दिए हैं जिनका प्रतिबंध घटाकर तीन साल कर दिया गया है। डोपिंग के दोषी पाए गए प्लेयर्स पर अमूमन चार साल का प्रतिबंध लगाया जाता है।
इन प्लेयर्स में तीन भारोत्तोलक प्रियदर्शनी थुरम (मेफेन्टरमाइन), मिथलेश सोनकर (एसएआरएम एलजीडी-4033) और एक नाबालिग (मिथाइलटेस्टोस्टेरोन) भी हैं, यह पता नहीं चला है कि उन्होंने राष्ट्रीय खेल में अपनी स्पर्धा में भाग लिया था या नहीं।
राष्ट्रीय खेल में सात भारोत्तोलक डोपिंग के दोषी पाए गए थे। इनमें राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता वंदना गुप्ता भी थी। इनके अलावा जिन अन्य प्लेयर्स के प्रतिबंध की अवधि घटाई गई है उनमें पहलवान अनिल मलिक और साइकिलिस्ट अनीता देवी भी हैं।