फिन एलन ने 16 छक्कों में शतक जड़कर बनाया ये खास रिकार्ड
एकतरफा अंदाज में न्यूजीलैंड की पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे टी-20 मुकाबले में जीत में कीवी बल्लेबाज फिन एलन ने 62 गेंदों में 16 छक्के जड़ते हुए 137 रन की शतकीय पारी खेली।
एलन की पारी से न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 224 रन बनाए। पाकिस्तान की टीम 7 विकेट के नुकसान पर 179 रन ही बना सकी।

फिन एलन को 137 रन बनाने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। उन्होंने टी-20 इंटरनेशनल की एक पारी में सबसे अधिक 16 छक्के लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। उनसे पहले अफगानिस्तान के हजरतुल्लाह जजई आयरलैंड के खिलाफ 2019 में 16 सिक्स लगा चुके हैं।
एलन ने पारी में 16 छक्के के साथ 5 चौके भी लगाए। यानी उन्होंने बाउंड्री से 116 रन बना लिए। इसी के साथ वह एक पारी में बाउंड्री से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कीवी बैटर बन गए।
उनसे पहले ब्रेंडन मैक्कुलम ने बाउंड्री से 96 रन बनाए थे। एलन ने न्यूजीलैंड के लिए सबसे बड़ा टी-20 स्कोर भी बनाया। उनसे पहले मैक्कुलम ने ही 2012 में बांग्लादेश के खिलाफ 123 रन बनाए थे।
डुनेडिन के यूनिवर्सिटी ओवल स्टेडियम में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर एक बार फिर गेंदबाजी चुनी। टीम ने शुरुआती 2 टी-20 में टॉस जीतकर गेंदबाजी ही चुनी थी। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी की, टीम की शुरुआत ठीक नहीं रही। डेवोन कॉन्वे चौथे ही ओवर में 7 रन बनाकर हारिस रऊफ का शिकार हो गए।
पहला विकेट जल्दी गंवाने के बाद एलन ने एक एंड पर तेजी से रन बनाए। उन्हें टिम सायफर्ट का साथ मिला। दोनों ने टीम को 150 रन के पार पहुंचाया और सेंचुरी पार्टनरशिप कर ली। सायफर्ट 31 रन बनाकर आउट हुए और दोनों के बीच 125 रन की साझेदारी टूटी। सीरीज के आखिरी 2 मुकाबले 19 और 21 जनवरी को क्राइस्टचर्च में खेले जाएंगे।