Trending

पीकेएल 10 : जयपुर पिंक पैंथर्स की चौथी जीत, लगातार जीत से पूरा किया होम लेग का सफर

अपने होम लेग में प्रो कबड्डी लीग में जयपुर पिंक पैंथर्स ने घरेलू दर्शकों की हौसला अफजाई के बीच टीम ने चौथी जीत दर्ज की. टीम ने हरियाणा स्टीलर्स को 37-27 से मात दी. टीम की ये 13 मैचों में 10वीं जीत है. अंक तालिका पर 58 अंकों के साथ जयपुर पहले स्थान पर है.

जयपुर पहले हाफ से ही हरियाणा स्टीलर्स पर हावी रही. पहले हाफ में टीम ने 16 अंक मिले. इसमें मैक्सिमम टैकल अंक थे. दूसरे हाफ में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 21 अंक हासिल कर मैच 37-27 से जीता.

@prokabaddi

जीत के बाद जयपुर पिंक पैंथर्स के कप्तान सुनील कुमार ने अपने होम ग्राउंड पर अनबीटेबल रहने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आगे लीग में खेलने में मजा आएगा, फाइनल तक का सफर तय करना है और ट्रॉफी को दोबारा जीतना है.

उन्होंने कहा कि हर मैच में टीम जीतने के लिए ही उतरती है, आज प्लेयर्स ने अच्छा प्रदर्शन किया है. एक बड़े मार्जन से जीत दर्ज की. टीम ने अच्छे मैच खेले हैं. उन्होंने बताया कि अभिषेक बच्चन ने मैच के बाद टीम को मोटिवेट किया.

होम कोर्ट में चारों मैच जीतने पर बधाई दी है. साथ ही कहा है कि लीग खत्म नहीं हुई है. इस मैच को देखने पहुंचे राजस्थान के खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि कबड्डी भारत का खेल है, इस कबड्डी को रिकॉग्निशन प्रो कबड्डी लीग के बाद मिला है.

ये प्लेयर्स को प्रोत्साहित करता है और दुनिया में इस खेल को लेकर प्रभाव रहेगा. उन्होंने अभिषेक बच्चन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह जिस पैशन से जयपुर पिंक पैंथर्स टीम को आगे बढ़ा रहे हैं, वो काबिले तारीफ है.

खेल मंत्री ने कहा कि अब वो भी युवाओं के लिए ट्रेनिंग कैंप ऑर्गेनाइज करवाने वाले हैं, ताकि न सिर्फ कबड्डी बल्कि अलग-अलग खेलों में ट्रेनिंग कर अच्छा प्रदर्शन कर सकें.

आगे सब खेलों को प्रोत्साहित किया जाएगा. बगरू विधायक इस मैच को देखने पहुंचे. उन्होंने कहा कि राजस्थान की राजधानी में इस तरह के टूर्नामेंट होना और इस टूर्नामेंट को लेकर युवाओं में रुझान होना अच्छा है.

कबड्डी एक ऐसी टूर्नामेंट है जो गांव, गरीब, किसान की आवाज है. ये आयोजन युवाओं में एक शक्ति के रूप में और उत्साहवर्धन के रूप में देखा जा सकता है. इस खेल में युवा अपने आप को आने वाले भविष्य की नजरिए से साबित कर सकता है.

प्रो कबड्डी लीग के 76वें मैच को गुजरात जॉइंट्स ने पांच अंकों से जीता. अपने पिछले मैच में 20 अंक से हारने के बाद गुजरात जायंट्स ने इस मैच में दमदार वापसी की और दबंग दिल्ली को 31-26 से हराया.

गुजरात के लिए नबीबख्श की अंतिम रेड मैच की निर्णायक रेड साबित हुई, जिसने टीम को फिर जीत दिलाई. पिछले सात मैचों से अजय चल रही दिल्ली का विजयरथ रुक गया. अब प्रो कबड्डी लीग का कारवां बेंगलुरू जाएगा, जहां शुक्रवार से राइवलरी वीक के तहत कई रोमांचक मैच खेले जाएंगे.