Trending

इंडिया ओपन : तुनजुंग उलटफेर के साथ बाहर, आन से यंग और ताइ जू यिंग अंतिम आठ में

विश्व विजेता और दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी आन से यंग ने यहां तीन गेम तक चले कड़े मैच में जीत के साथ इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

एशियाई खेल की स्वर्ण पदक विजेता दक्षिण कोरिया की आन से यंग ने अमेरिका की 2018 की विजेता बेइवेन झैंग को दूसरे दौर के मैच में 21-19, 14-21, 21-14 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया।

साभार : गूगल

आन से यंग को लगातार दूसरे दौर में तीन गेम तक जूझना पड़ा। पहले दौर में थाईलैंड की अनुभवी रत्चानोक इंतानोन के खिलाफ उन्होंने पहला गेम गंवाने के बाद वापसी करते हुए तीन गेम में 16-21, 21-13, 21-16 से जीत दर्ज की थी।

क्वार्टर फाइनल में आन से यंग की भिड़ंत सिंगापुर की यिओ जिया मिन से होगी जिन्होंने उलटफेर करते हुए इंडोनेशिया की सातवीं वरीय ग्रेगोरिया मारिस्का तुनजुंग को हराया। जिया मिन ने कड़े मैच में सीधे गेम में 25-23, 21-14 से जीत दर्ज की।

टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता चीनी ताइपे की चौथी वरीय ताइ यू यिंग ने थाईलैंड की सुपानिदा केटथोंग को सीधे गेम में 21-12, 21-11 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई।

एशियाई खेल की कांस्य पदक विजेता चीन की छठी वरीय ही बिंग जियाओ ने आसान जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की। उन्होंने थाईलैंड को पोर्नपावी चोचुवोंग को एकतरफा मैच में 21-6, 21-11 से हराया। क्वार्टर फाइनल में ताइ जू यिंग और ही बिंग जियाओ आमने-सामने होंगी।