Trending

पीसीबी चेयरमैन पद से जका अशरफ का इस्तीफा

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन पद से जका अशरफ ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने शुक्रवार (19 जनवरी) को लाहौर में मैनेजिंग कमेटी मीटिंग की अध्यक्षता करने के बाद इस्तीफा देने की घोषणा की। अशरफ ने इस्तीफा देने का कोई कारण नहीं बताया।

अशरफ ने जुलाई 2023 में नजम सेठी की जगह कार्यभार संभाला था। उनका कार्यकाल इसी साल फरवरी में खत्म होने वाला था। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने एक बयान में कहा, मीटिंग के बाद जका अशरफ ने घोषणा की कि उन्होंने चेयरमैन पद से इस्तीफा प्रधानमंत्री अनवर-उल-हक काकर को सौंपने का फैसला किया है।

साभार : गूगल

बयान में आगे कहा गया, अशरफ ने अपने समापन भाषण में पीसीबी को धन्यवाद दिया और पाकिस्तान क्रिकेट की बेहतरी के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रार्थनाएं दीं। जका अशरफ 2011 से 2013 में पीसीबी चेयरमैन रह चुके हैं। साल 2013 में इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने यह कहते हुए उन्हें पद से हटा दिया था कि उनकी नियुक्ति अवैध तरीके से हुई है।

उस वक्त नजम सेठी को पीसीबी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। एक साल बाद अशरफ को फिर से पीसीबी चेयरमैन की कुर्सी मिल गई थी। जका अशरफ को पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी का समर्थन मिला है। ऐसे में पीसीबी में कोई भी फैसला लेने से पहले उन्हें प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मंजूरी लेनी होगी।

मिकी आर्थर, ग्रांट ब्रैडबर्न और एंड्रयू पुटिक ने भी हाल ही में अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। अप्रैल 2023 में मिकी आर्थर को पाकिस्तान मेंस क्रिकेट टीम का निदेशक नियुक्त किया गया था।

ब्रैडबर्न को पिछले साल की शुरुआत में टीम का मुख्य कोच घोषित किया गया था। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर एंड्रयू पुटिक अप्रैल 2023 से पाकिस्तान के बल्लेबाजी कोच थे।