Trending

रणजी ट्राफी : तिलक वर्मा ने मनवाया अपनी प्रतिभा का लोहा, जड़े दो शानदार शतक

युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा के लिए पिछले दो वर्ष काफी शानदार रहे हैं। आईपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस में पिछले दो सत्र उन्होंने अच्छा प्रदर्शन करके दिखाया है। रोहित की कप्तानी में उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

पिछले साल तिलक ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में इंटरनेशनल डेब्यू किया था। उसके बाद उन्होंने एशिया कप 2023 में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे डेब्यू किया। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने चीन के हांगझू में हुए एशियाई खेल 2023 में भी भाग लिया था।

साभार : गूगल

रणजी ट्रॉफी में हैदराबाद की कप्तानी कर रहे तिलक वर्मा लगातार दो शतक जड़कर भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाने के काफी करीब पहुंच गए हैं।

चयनकर्ताओं ने तिलक वर्मा को इंडिया ए टीम में जगह देकर अपने इरादे साफ कर दिए हैं। इंग्लैंड लायंस के खिलाफ दूसरा अनौपचारिक मैच 24 जनवरी को शुरू होगा।

मौजूदा रणजी ट्रॉफी में लगातार शतक मारने के बाद वर्मा चयनकर्ताओं की नजर में आ गए हैं। उन्होंने सोविमा के नागालैंड क्रिकेट स्टेडियम में नागालैंड के खिलाफ 112 गेंदों पर छह चौकों और चार छक्कों से 100 रन बनाए।

सिक्किम के खिलाफ दूसरे गेम में उन्होंने पहली पारी में एक बार फिर शतक लगा दिया है। उन्होंने 111 गेंदों पर आठ चौकों और चार छक्कों से नाबाद 103 रन बनाए। उनकी पारी से हैदराबाद ने 384 रनों की बढ़त ले ली।

भारत ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैचों के लिए टीम का ऐलान किया और ध्रुव जुरेल को पहली बार टीम में मौका दिया गया। इसी बात को ध्यान में रखते हुए संभावना है कि वर्मा को पांच मैचों की सीरीज के आखिरी तीन टेस्ट में मौका मिल सकता है।

दूसरे मैच के लिए भारत ए टीम: अभिमन्यु ईश्वरन (कप्तान), साई सुदर्शन, रजत पाटीदार, सरफराज खान, तिलक वर्मा, कुमार कुशाग्र, वाशिंगटन सुंदर, सौरभ कुमार, अर्शदीप सिंह, तुषार देशपांडे, विदवथ कावेरप्पा, उपेंद्र यादव, आकाश दीप, यश दयाल

तीसरे मैच के लिए भारत ए टीम: अभिमन्यु ईश्वरन (कप्तान), साई सुदर्शन, रजत पाटीदार, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, कुमार कुशाग्र, वॉशिंगटन सुंदर, शम्स मुलानी, अर्शदीप सिंह, तुषार देशपांडे, विदवथ कावेरप्पा, उपेंद्र यादव, आकाश दीप, यश दयाल