Trending

पांचवें टी-20 में पाक की जीत, न्यूजीलैंड का टी-20 सीरीज पर 4-1 से कब्जा

पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में क्लीन स्वीप होने से खुद को बचाया। टीम ने पांचवें मैच को 42 रन से जीता। जीत में टीम के स्पिनर्स का अहम योगदान रहा जिन्होंने 6 विकेट झटके।

क्राइस्टचर्च के हैगले ओवल मैदान पर पाक ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 134 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड 17.2 ओवर में 92 रन बनाकर ही ऑलआउट हो गया। 3 विकेट लेने वाले इफ्तिखार अहमद प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

क्राइस्टचर्च में पाकिस्तान ने टॉस जीता और इस बार टीम ने पहले बल्लेबाजी चुनी। टीम से ओपनर हसीबुल्लाह खान ने डेब्यू किया, वह अपना खाता भी नहीं खोल सके। मोहम्मद रिजवान ने बाबर आजम के साथ 53 रन की पार्टनरशिप की। बाबर 24 बॉल में 13 रन की धीमी पारी खेलकर आउट हुए और पाक ने दूसरा विकेट 10वें ओवर में गंवा दिया।

@therealpcb

क्राइस्टचर्च की धीमी पिच पर बल्लेबाजों को रन बनाने में परेशानी हो रही थी। फखर जमान ने 16 बॉल पर 4 सिक्स लगाकर तेजी से 33 रन बना दिए। उन्हें टिम साउदी ने पवेलियन भेजा, उनके बाद रिजवान भी 38 बॉल में 38 रन बनाकर आउट हो गए।

फखर के बाद पाकिस्तान ने लगातार विकेट गंवाए। मोहम्मद नवाज 1, इफ्तिखार अहमद 5 और शाहीन अफरीदी भी एक ही रन बनाकर पवेलियन लौट गए। पाकिस्तान का स्कोर 114 रन पर 7 विकेट हो गया। साहिबजादा फरहान ने 19 और अब्बास अफरीदी ने 6 बॉल पर 14 रन बनाकर टीम को 130 रन के पार पहुंचाया।

पाकिस्तान ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 134 रन बनाए। उसामा मीर एक रन बनाकर नॉटआउट रहे। न्यूजीलैंड से टिम साउदी, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन और ईश सोढी को 2-2 विकेट मिले।

135 रन के टारगेट पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत खराब रही। रचिन रवींद्र एक ही रन बनाकर आउट हो गए। फिन एलन 22, टिम सायफर्ट 19, विल यंग 12 और मार्क चापमन 1 रन बनाकर आउट हो गए।

54 रन पर 4 विकेट जाने के बाद ग्लेन फिलिप्स ने कीवी टीम को संभालने की कोशिश की। वह 26 रन बनाकर शाहीन अफरीदी का शिकार हो गए। उनके बाद टीम संभल ही नहीं सकी। कप्तान मिचेल सैंटनर 4, मैट हेनरी 1, ईश सोढी 1 और टिम साउदी 4 ही रन बना सके। फर्ग्यूसन खाता भी नहीं खोल सके।

न्यूजीलैंड 17.2 ओवर में 92 रन बनाकर ढेर हो गई। पाकिस्तान से इफ्तिखार अहमद ने 24 रन देकर 3 विकेट लिए। मोहम्मद नवाज और शाहीन को 2-2 सफलताएं मिलीं। जमान खान और उसामा मीर ने 1-1 विकेट लिया।

5वें टी-20 में जीत के साथ पाकिस्तान सीरीज तो नहीं जीत सका, टीम ने खुद को क्लीन स्वीप होने से बचा लिया। सीरीज 4-1 से न्यूजीलैंड के नाम रही। सीरीज के शुरुआती चारों मुकाबले कीवी टीम ने एकतरफा अंदाज में जीते थे।

सीरीज के 5 मैचों में 275 रन बनाने वाले कीवी ओपनर फिन एलन प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे। उन्होंने तीसरे टी-20 में सेंचुरी भी लगाई थी। न्यूजीलैंड के ही टिम साउदी ने सीरीज में सबसे ज्यादा 10 विकेट लिए।

न्यूजीलैंड अपने घरेलू मैदान पर ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज खेलेगी। पहला टेस्ट 4 फरवरी से माउंट मॅन्गानुई और दूसरा टेस्ट 13 फरवरी से हेमिल्टन में खेला जाएगा।

पाकिस्तान टीम मई तक कोई मुकाबला नहीं खेलेगी। तब टीम को इंग्लैंड में होम टीम के खिलाफ 4 टी-20 की सीरीज खेलनी है। इसके बाद टी-20 वर्ल्ड कप शुरू हो जाएगा। हालांकि, फरवरी-मार्च में पाकिस्तानी प्लेयर्स पाकिस्तान सुपर लीग खेलते रहेंगे।