चार देशों के टूर्नामेंट में भारत ने फ्रांस को 4-0 से दी मात
कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल से भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने यहां फ्रांस को 4-0 से मात देकर चार देशों के टूर्नामेंट में अपने सफ़र की शानदार शुरुआत की।
भारतीय रक्षापंक्ति ने इस मैच में शानदार प्रदर्शन किया। फ्रांस टीम भारतीय गोल पोस्ट पर अनुभवी पीआर श्रीजेश और कृष्ण बहादुर पाठक को चकमा देने में नाकाम रही।

हरमनप्रीत (13वें, 26वें मिनट) ने दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, ललित उपाध्याय (42वें) और उप-कप्तान हार्दिक सिंह (49) भारत के लिए अन्य गोल करने वाले खिलाड़ी रहे।
भारतीय कप्तान ने मैच के 13वें मिनट में अपने दमदार ड्रैग फ्लिक से फ्रांस के गोलकीपर को छकाकर भारत का खाता खोला। उन्होंने दूसरे क्वार्टर में एक और पेनल्टी को गोल में बदल कर टीम की बढ़त को दोगुना किया।
मध्यांतर के बाद छोर बदला, मैच पर भारतीय दबदबा जारी रहा। ललित ने पेनल्टी कॉर्नर में विविधता का इस्तेमाल करते हुए भारत को 3-0 से आगे कर दिया। मैच के आखिरी क्वार्टर में हार्दिक के मैदानी गोल से भारत ने 4-0 की बढ़त बनाकर मैच को फ्रांस की पहुंच से दूर कर दिया।
एक सप्ताह तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में भारत और फ्रांस के अलावा मेजबान दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड की टीमें भाग ले रही है।