विकेटकीपर के रूप में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में नहीं होंगे केएल राहुल
मुख्य भारतीय कोच राहुल द्रविड़ ने कहा कि बल्लेबाज केएल राहुल इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में विकेटकीपर के रूप में नहीं खेलेंगे। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज गुरुवार से हैदराबाद में शुरू हो रही है और अगले चार मैच विजाग, राजकोट, रांची और धर्मशाला में होंगे।
उन्होंने कहा कि जहां राहुल स्टंप के पीछे उत्कृष्ट रहे हैं, टीम में दो कुशल विकेटकीपर हैं जिन्हें इस भूमिका के लिए चुना जाएगा। भारत ने राहुल के अलावा दो अन्य विकेटकीपर केएस भरत और ध्रुव जुरेल को टीम में जगह मिली है।
द्रविड़ ने बोला कि यह फैसला सीरीज की अवधि और मौसम की स्थिति को देखते हुए लिया गया। द्रविड़ ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, राहुल सीरीज में विकेटकीपर के रूप में नहीं खेलेंगे। हम चयन से ही इसके बारे में काफी स्पष्ट थे।

हमने दो अन्य लोगों को चुना था जो हमारे लिए कीपिंग करेंगे। राहुल ने दक्षिण अफ्रीका में हमारे लिए शानदार काम किया और वास्तव में उन्होंने उस श्रृंखला को ड्रा कराने में बड़ी भूमिका निभाई। पांच टेस्ट मैचों को ध्यान में रखते हुए और इन परिस्थितियों में खेलने पर, चयन हमारे पास मौजूद दो अन्य कीपरों के बीच होगा।
इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैचों में भारत स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के बिना उतरेगा, जिन्होंने व्यक्तिगत कारणों से टीम से हटने का अनुरोध किया था। रोहित शर्मा टीम का नेतृत्व करेंगे, स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह उप-कप्तान होंगे। भारत के तेज आक्रमण में आवेश खान, मोहम्मद सिराज और मुकेश कुमार भी होंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट के लिए भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जयसवाल, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मो. सिराज, मुकेश कुमार, जसप्रीत बुमराह (उप-कप्तान) और आवेश खान